नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। मुंबई के कुर्ला में बीती रात बेकाबू हुई मुंबई बेस्ट बस ने कई वाहनों और पैदल यात्रियों को अपनी चपेट में ले लिया था। इस भीषण दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर अब तक सात हो गई है। वहीं 42 घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया कि यह हादसा ट्रांसपोर्ट (BEST) की एक बस के ब्रेक फेल होने के कारण हुआ। हालांकि, विशेषज्ञों की टीम वाहन का निरीक्षण कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसमें कोई यांत्रिक खराबी तो नहीं थी।
सड़क पर बस का तांडव और मच गई चीख-पुकार
पुलिस ने बताया कि इस घटना का पूरा भयावह दृश्य सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया है। जिसमें देखा जा सकता है कि एक बेकाबू बस ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी और फिर एक के बाद एक गाड़ियों को टक्कर मारती चली गई। कई पैदल यात्री और फेरीवाले भी बस की चपेट में आ गए। थोड़ी ही देर में ही सड़क पर लोगों की चीख-पुकार मच गई थी।
पुलिस ने इस मामले में बेस्ट बस के चालक संजय मोरे के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने बताया कि चालक को मेडिकल टेस्ट के लिए अस्पताल ले जाया गया है, जहां ब्ल्ड टेस्ट हुआ है। अब यह पता लगाया जाएगा कि वह शराब के नशे में था या नहीं?
CM फडणवीस ने घटना पर जताया दुख
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा भी की।
मोटर वाहन निरीक्षकों की टीम कर रही है बस की जांच
बस को क्रेन तथा अर्थ मूवर मशीन की मदद से घटनास्थल से हटाकर कुर्ला डिपो ले जाया गया है। मोटर वाहन निरीक्षकों की एक टीम बस की जांच कर रही है ताकि पता लगाया जा सके कि उसमें कोई यांत्रिक समस्या तो नहीं है। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) के सूत्रों ने बताया कि वे अपनी जांच के आधार पर पुलिस को रिपोर्ट सौंपेंगे।




