नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। आज सोमवार 24 जून को 18वीं लोकसभा के पहले सत्र का शुभारंभ हो रहा है। आज लोकसभा के नये सदस्यों का शपथ ग्रहण कराया जाएगा। बाकि बचे हुए लोकसभा सदस्यों का कल शपथ ग्रहण होगा। इसके बाद नए स्पीकर का चुनाव कराया जाएगा। स्पीकर के चुनाव के लिए राष्ट्रपति ने भाजपा सांसद भर्तृहरि महताब को प्रोटेम स्पीकर बनाया है। इसके बाद 27 जून को 11 बजे सुबह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों सदनों को संबोधित करेंगी।
लोकसभा अध्यक्ष पद पर कल हो सकता है फैसला
मोदी 3.0 सरकार में मंत्री पदों को लेकर निर्णय तो हो चुका है लेकिन अभी तक लोकसभा अध्यक्ष को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। हो सकता है कि आज शाम तक एनडीए सरकार लोकसभा अध्यक्ष पद को लेकर कोई निर्णय ले ले। दावा किया जा रहा है कि लोकसभा अध्यक्ष का पद बीजेपी अपने पास रखे।
लोकसभा उपाध्यक्ष पद को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष में खींचतान
लोकसभा उपाध्यक्ष पद को लेकर एक तरफ एनडीए में मंथन चल रही है। वहीं लोकसभा के उपाध्यक्ष पद को लेकर कांग्रेस ने भी अपना दावा ठोंक दिया है। कांग्रेस का कहना है कि डिप्टी स्पीकर का पद उसे मिलना चाहिये। इसको लेकर राहुल गांधी ने अपना उम्मीदवार उतारने की बात भी कह दी है। वहीं कांग्रेस के इस बयान पर दलीलें दी जा रही है कि बीजेपी के करिया मुंडा को यूपीए ने डिप्टी स्पीकर बनाया था। इसलिए डिप्टी स्पीकर का पद कांग्रेस को दे देना चाहिये।
सदन में उठ सकते हैं ये मुद्दे
मोदी 3.0 में एक के बाद एक हो रहे पेपर लीक को लेकर देश में लगातार बवाल हो रहे हैं। छात्रों की मांगों को शिक्षा मंत्री ने नकार दिया है। जिसके बाद ये कयास लगाये जा रहे हैं कि लोकसभा का मॉनसून सत्र काफी गर्म होने वाला है। विपक्ष के द्वारा नीट पेपर लीक, नेट पेपर लीक और अन्य मामले सदन में उठाये जा सकते हैं।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




