नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक दूध सप्लायर द्वारा दूध में थूकने की घिनौनी हरकत का खुलासा हुआ है। यह पूरी घटना एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया है। इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिल भारतीय हिंदू महासभा के प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी ने कहा कि उन्होंने वीडियो देख लिया है और उसी के आधार पर पुलिस को लिखित शिकायत (तहरीर) सौंप दी गई है।
पहचान छुपाकर बांट रहा था दूध
जानकारी के अनुसार, आरोपी व्यक्ति मोहम्मद शरीफ नाम का है, जो पहचान छुपाकर खुद को “पप्पू” बताता था और इलाके में दूध सप्लाई का काम करता था। घटना का खुलासा तब हुआ जब एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में उसकी यह हरकत कैद हो गई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वह युवक दूध का डिब्बा लेकर घर के बाहर खड़ा है, ढक्कन खोलकर उसमें थूकता है, फिर उसे बंद कर संबंधित परिवार को सौंप देता है। फुटेज सामने आने के बाद परिवार के लोग भय और घबराहट में हैं। इस मामले को लेकर अखिल भारतीय हिंदू महासभा के प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी ने बताया कि उन्होंने वीडियो देखने के बाद थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने इस घटना को “थूक जिहाद” करार दिया है।
हिंदू संगठन ने की सख्त कार्रवाई की मांग
शिशिर चतुर्वेदी ने कहा कि दूध एक ऐसा आहार है, जिसे छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई सेवन करता है, लेकिन आरोपी ने इसे ही दूषित कर लोगों की सेहत से खिलवाड़ किया है। उनके अनुसार, वायरल सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि आरोपी पहले कुछ पढ़ता है और फिर दूध में फूंक मारने के साथ थूकता भी है। उन्होंने इसे आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया। उन्होंने गोमती नगर थाने में आरोपी पर रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) लगाने की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई है।





