नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। कोर्ट ने मुंबई हिट एंड रन केस के आरोपी मिहिर शाह को 16 जुलाई 2024 तक के लिए पुलिस रिमांड में भेजा है। मुंबई पुलिस ने मिहिर शाह को 9 जुलाई 2024 को विरार से गिरफ्तार किया था। वहीं मिहिर शाह की पुलिस रिमांड को लेकर कोर्ट में बचाव पक्ष के वकील ने इस तरह के तर्क रखे कि अभियोजन पक्ष को उसका जवाब देने मुश्किल पड़ गया था। वहीं मुंबई पुलिस के पास मिहिर शाह को रिमांड में लेने के लिए कोई सही से तर्क नहीं थे।
मिहिर शाह ने वारदात करने के बाद सबूत मिटाने की कोशिश की
मुंबई पुलिस के वकील ने सुनवाई के दौरान कहा कि मिहिर शाह ने वारदात करने के बाद सबूत मिटाने की कोशिश की। आरोपी मिहिर की किसी ने वहां से भागने में मदद की। मिहिर शाह के ड्राइविंग लाइसेंस और BMW कार किसके नाम से है, इसकी जांच चल रही है। मुंबई पुलिस के वकील ने आगे कहा कि मिहिर के कार में बाल और दाढ़ी काटी गई। इसके बाद जज ने आरोपी मिहिर शाह से पूछा की आपकी पुलिस से कोई शिकायत है। मिहिर ने कहा नहीं। वहीं मुंबई पुलिस के वकील ने कोर्ट में कहा कि आरोपी मिहिर शाह ने कार का नंबर प्लेट भी निकालकर फेंक दिया था। हमें इसका पता लगाना है।
फिर भी मुंबई पुलिस को मिहिर की कस्टडी क्यों चाहिए
इसके बाद आरोपी मिहिर के वकील ने जो तर्क रखना शुरू किया, उसका जवाब मुंबई पुलिस के वकील के पास नहीं था। आरोपी मिहिर के वकील ने कोर्ट में कहा कि कार पुलिस के पास है। मुंबई पुलिस के पास सीसीटीवी फुटेज है। वहीं पुलिस ने आरोपी मिहिर शाह और ड्राइवर बीदावत को आमने सामने बैठकर अपनी पूछताछ कर ली है। पुलिस के पास मिहिर का फ़ोन भी है। पुलिस को अपनी जांच के लिए सब कुछ तो मिल गया है। फिर भी मुंबई पुलिस को मिहिर की कस्टडी क्यों चाहिए।
मुंबई पुलिस ने आरोपी मिहिर शाह की गिरफ्तारी का ग्राउंड नहीं बताया है
मिहिर के वकील ने कोर्ट में कहा कि BMW कार मुंबई पुलिस के पास है, मिहिर की कार की टक्कर सामने से हुई थी, नंबर प्लेट को हटाने का कोई प्रयास नहीं किया गया है। मुंबई पुलिस के पास सीसीटीवी फुटेज है। उन्होंने कहा कि बोरीवली से लेकर मरीन ड्राइव वर्ली तक सीसीटीवी लगे हुए हैं। आरोपी को पुलिस द्वारा घटनास्थल तक ले जाया गया है। पुलिस ने आरोपी मिहिर और ड्राइवर के बयान भी दर्ज कर लिए हैं और उनका मिलान भी कर लिया है। इसके बाद मिहिर के वकील ने तर्क रखा कि आपके पास सीसीटीवी का फुटेज होगा आप देखिये कि कार की नंबर प्लेट कहां गिरा। उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस ने आरोपी मिहिर शाह की गिरफ्तारी का ग्राउंड नहीं बताया है। मिहिर शाह के वकील ने आगे कहा कि वह खुद कहते हैं कि आरोपी को कल तक कस्टडी में लें और अपनी जांच करें। अपनी जांच आगे बढ़ाए।
आरोपी मिहिर शाह सबूतों के साथ छेड़छाड़ कर सकता है
इसके बाद मुंबई पुलिस के वकील ने कोर्ट में कहा कि आरोपी मिहिर शाह सबूतों के साथ छेड़छाड़ कर सकता है। यह बहुत ही गंभीर मामला है। इसकी गहन जांच करने की आवश्यकता है। इसके बाद मुंबई पुलिस के वकील ने मिहिर शाह के बाल और दाढ़ी काटने के मुद्दे को भी फिर से कोर्ट में उठाया और कहा कि हमें इस विषय में भी अपनी जांच करनी है। उन्होंने कहा कि आरोपी मिहिर शाह ने अपना हुलिया किस लिए बदला और इसके लिए उसकी किसने मदद की। हमें इस सब की जांच करनी है। इसके बाद मिहिर शाह के वकील ने कोर्ट में कहा कि आरोपी का बाल कटवाना और शेविंग कराना यह कस्टडी का ग्राउंड कैसे हो सकता है? आप आरोपी को कल तक के लिए पुलिस कस्टडी में रखें और अपनी जांच को आगे बढ़ाए।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





