नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। मणिपुर रविवार को फिर एक बार भारी बमबारी से दहल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह बमबारी दोपहर 2 बजे शुरु हुई। उग्रवादियों ने पहाड़ी से निचले इलाकों को निशाना बनाकर अंधाधुंध ड्रोन से बमबारी की। हमले के इस ट्रेंड से गांव में दहशत का माहौल बन गया है। इस हमले में दो लोगों को जान से हाथ धोना पड़ा जबकि दो सुरक्षाकर्मियों सहित 9 लोग घायल हो गए थे।
हमले में आत्याधुनिक हथियारों का इस्तेमाल किया
राज्य सरकार के गृह मंत्रालय ने अपने बयान में बताया कि- ‘कथित तौर पर इस हमले के जिम्मेदार कुकी उग्रवादी हैं। उन्होंने कौत्रुक इलाके को निशाना बनाते हुए अत्याधुनिक हथियारों का इस्तेमाल किया। हमले से गांववासियों में भय हो गया है। सरकार स्थिति को सामान्य करने और राज्य में शांति स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। शांति स्थापन के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। सरकार ने हमले में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्यवाई के आदेश दिए हैं। आराजक स्थिति से बचाव के लिए गृह विभाग ने इम्फाल पश्चिम जिले में कर्फ्यू लगा दिया है।’
तालाशी अभियान के आदेश जारी
मणिपुर पुलिस ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि- ‘हाई टेक ड्रोन का इस्तेमाल करते हुए इम्फाल पश्चिम के कोत्रुक इलाके में हमला हुआ है। जिन RPG ड्रोन का इस्तेमाल हुआ उनका इस्तेमाल अक्सर युद्ध के दौरान किया जाता है। संभव है कि इस घटना को अंजाम देने में किसी पेशेवर की संलिप्तता हो सकती है। मणिपुर DGP ने आदेश दिया है कि मणिपुर पुलिस किसी भी घटना को रोकने के लिए सुरक्षा बलों से समन्वय कर रही है।
मणिपुर में अबतक हुई हिंसा में 226 मौत हो गई है जबकि 1100 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। 65 हजार से ज्यादा लोग अबतक अपने घरों से विस्थापित हो चुके हैं।






