नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। केरल के एक मंदिर में 28 अक्टूबर 2024 की रात आतिशबाजी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में 150 से अधिक लोग घायल हो गए। इसमें से 8 लोग गंभीर घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तुरंत कासरगोड, मंगलुरु और कन्नूर के अलग अलग अस्पतालों में इलाज के लिए ले जाया गया। यह हादसा केरल में कासरोड जिले में नीलेश्वरम के पास अंजुतम्बलम वीरारकावु मंदिर में उत्सव मनाने के दौरान हुआ। इस दौरान पटाखा भंडारण में रखे पटाखों में अचानक आग लग गई, जिससे वहां बड़ा धमाका हो गया।
150 से अधिक लोग धमाके की चपेट में आ गए
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने हादसे की जानकारी देते हुए कहा कि अंजुतम्बलम वीरारकावु मंदिर में 28 अक्टूबर 2024 की रात वार्षिक कलियाट्टम उत्सव मनाया जा रहा था। मंदिर में उत्सव मनाने के लिए आतिशबाजी का ऑर्डर भी दिया गया था। जिसको मंदिर में ही एक भण्डार में सुरक्षित रखा गया था। लेकिन मंदिर में उत्सव मनाने के दौरान करीब रात 12 बजे इस पटाखा भण्डार में आग लगने से धमाका हो गया। सारे पटाखे एक के बाद एक करके जलने लग गए।
जब यह हादसा हुआ, उस समय मंदिर में श्रद्धालुओं की बहुत भीड़ मौजूद थी। आग इतनी भीषण थी कि थोड़ी ही देर में 150 से अधिक लोग उसकी चपेट में आ गए। सभी को तुरंत अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जिनमे से 8 लोगों की हालात काफी गंभीर है। आग लगने के बाद तुरंत फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को घटनास्थल पर भेज गया।
घायलों का इन अस्पतालों में चल रहा है इलाज
मीडिया के एक रिपोर्ट के अनुसार, घायलों का कान्हागढ़ जिला अस्पताल, ऐशल हॉस्पिटल कान्हागढ़, अरिमाला अस्पताल, नीलेश्वर तालुक अस्पताल, मेंगलुरु और पेरियारम मेडिकल कॉलेज और एस्टर मिम्स में इलाज चल रहा है। जिला प्रशासन और पुलिस पटाखों पर लगी आग की भी तेजी से जांच कर रहा है।




