नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में बड़ी संख्या में बाबाओं और साधु-संतों के आने का सिलसिला जारी है। इसी बीच महाकुंभ में आए एक मुंबई IITians बाबा सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इस वीडियो के वायरल होते ही जूना अखाड़े ने इस बाबा के खिलाफ एक्शन लिया है। जूना अखाड़ा प्रमुख ने बाबा पर अनुशासनहीनता और गुरु के बारे में गलत बातें कहने का आरोप लगाते हुए उसे निष्कासित कर दिया है।
वायरल वीडियो में आईआईटियन बाबा के नाम से मुंबई के अभय सिंह काफी लोकप्रिय हो गए। उन्होंने आईआईटी मुंबई से अपनी इंजीनियर की पढ़ाई पूरी की है। जब वे महाकुंभ पहुंचे तो सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हो गया। इस वीडियो के बीच जूना अखाड़ा अभय पर भड़क गया और अभय को मवाली और आवारा तक घोषित कर दिया। वहीं दावा किया गया है अखाड़े ने उन्हें मारकर बाहर भगा दिया है।
“वह हमारे अखाड़े को बदनाम भी कर रहा था”
जूना अखाड़े के सचिव महंत डॉ. करणपुरी महाराज ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि ‘अभय मवाली और आवारा आदमी था। कोई साधु नहीं था। जगह-जगह रुकता खाता था और टीवी पर कुछ भी बात कह देता था। वह गलत व्यक्ति था इसलिए हम लोगों ने उसे मारकर भगा दिया है। वह हमारे अखाड़े को बदनाम भी कर रहा था।
महाराज ने आगे कहा कि वह अखाड़े में ऐसे ही घूमते हुए आ गया था। वह किसी का चेला भी नहीं था। उसने सोमेश्वर पुरी का नाम ही सुना था और इस सुने-सुनाए नाम का फायदा उठाकर यहां घूम रहा था।’ उन्होंने कहा कि वह मवाली, गलत स्वाभाव वाला और मक्कार आदमी था। जब हमें उसके बारे में पता चला तो हम सतर्क हो गए और अपने पास उसे आने नहीं दिया और अखाड़े से बाहर कर दिया।
“वे किसी भी अखाड़े से जुड़े हुए नहीं हैं”
अखाड़े का कहना है कि जब तक वह गुरु का सम्मान करना नहीं सीख जाता, तब तक उसे अखाड़े में शामिल नहीं किया जाएगा। वहीं दूसरी तरफ अभय सिंह ने अपनी सफाई में कहा कि वे किसी भी अखाड़े से जुड़े हुए नहीं हैं। वह जूना अखाड़े के सोमेश्वर पुरी जी महाराज के जरिए महाकुंभ में पहुंचे थे। सोमेश्वर पुरी से उनकी मुलाकात वाराणसी में हुई थी। वे ही उन्हें महाकुंभ लेकर आए हैं। पिछले कुछ दिनों में महाकुंभ में कई बाबा सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, जिनमें अभय का वीडियो भी शामिल है।




