लखनऊ, 08 जून (हि.स.)। जाली दस्तावेज के जरिये रोंहिग्याओं को भारत लाने वाले मास्टरमाइंड और उसके साथी को यूपी एटीएस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से आधार कार्ड, पैन कार्ड, यूएनएचसीआर कार्ड, मोबाइल और नकदी बरामद हुआ है। मंगलवार को यूपी एटीएस के अधिकारी ने बताया कि मूलरूप से बांग्लादेश निवासी नूर आलम उर्फ रफीक, उसका साथी म्यांमार निवासी आमिर हुसैन को जनपद गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि 06 जनवरी, 2021 को एटीएस ने म्यांमार में रहने वाले कई लोगों को गिरफ्तार किया था। इसी में रोंहिग्या अजीजुल्लाह भी पकड़ा गया था। पूछताछ में उसने अपने बहनोई नूर आलम का जिक्र करते हुए बताया था कि वह जाली दस्तावेज के जरिये रोंहिग्याओं को भारत लाता था। इसके बाद एटीएस ने नूरआलम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। एटीएस के मुताबिक, पकड़ा गया आमिर हुसैन भी रोहिंग्या है। वह बांग्लादेश के रास्ते अवैध रूप से भारत में आया था। नूर आलम ने आमिर हुसैन को यह आश्वासन भी दिया था कि वह उसका कूटरचित भारतीय प्रपत्र भी बनवा देगा। अब एटीएस दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद रिमांड में लेकर भारत आये रोंहिग्याओं के बारे में जानकारी हासिल करेगी। हिन्दुस्थान समाचार/दीपक/राजेश/




