नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। लोकसभा चुनाव में बहुमत मिलने के बाद अब सरकार बनाने के लिए NDA मंथन कर रही है। आज NDA के सभी सहयोगी दलों की दिल्ली के संसद भवन में बैठक हो रही है। जहां पर NDA के सभी सांसद और नेता मौजूद हैं। इस बैठक में सभी सांसद मिलकर नरेंद्र मोदी को अपना नेता चुनेंगे और उसके बाद सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
आज NDA पेश करेगी सरकार बनाने का दावा
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बैठक में नरेंद्र मोदी को नेता चुनने के बाद रविवार को शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक नरेंद्र मोदी को एनडीए का नेता चुनने के बाद सभी घटक दलों के महत्वपूर्ण नेता नरेंद्र मोदी के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
बीजेपी के वरिष्ठ नेता सहयोगी दलों के साथ कर रहे बैठक
गौरतलब है कि बीजेपी के वरिष्ठ नेता सरकार के गठन के लिए बीजेपी के सहयोगी दलों से लगातार बैठकें कर रहे हैं। राजनाथ सिंह से लेकर अमित शाह तक सभी वरिष्ठ नेता NDA के सहयोगी दलों के नेताओं के साथ विचार विमर्श कर रहे हैं। एनडीए की सरकार में सबसे महत्वपूर्ण सहयोगी जदयू और टीडीपी को माना जा रहा है।
NDA के पास हैं 293 सांसद
सात चरणों में हुए लोकसभा चुनाव में एनडीए के पास 293 सांसद हैं। जबकि सरकार बनाने के लिए 272 सांसदों की ही आवश्यकता होती है। बता दें कि इस लोकसभा चुनाव में बीजेपी को अपने दम पर बहुमत नहीं मिला है। इसकी वजह से बीजेपी को सरकार बनाने के लिए अपने सहयोगी दलों पर निर्भर रहना पड़ेगा।
4 सांसदों पर 1 मंत्री पद मांग रहे NDA के सहयोगी दल
सूत्रों की मानें तो टीडीपी और जेडीयू 4 सांसदों पर एक मंत्री पद की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा शिवसेना शिंदे गुट भी एक मंत्री पद मांग रहा है। बिहार में हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी भी केंद्र में मंत्री पद चाह रहे हैं। अब देखना होगा कि बीजेपी अपने सहयोगियों के इन डिमांडों को कैसे पूरा करती है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





