नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। लैंड फॉर जॉब मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट मे सुनवाई हुई जिससे एक बड़ी खबर निकल कर आ रही है। कोर्ट ने लालू परिवार को राहत देते हुए मामलें में आरोपी लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव, तेजप्रताप यादव को 1-1 लाख रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दे दी। इनके अलावा मीसा भारती और रोहिणी आचार्य को भी जमानत दी गई है।
तेजस्वी यादव ने केस को बताया राजनीतिक साजिश
सोमवार सुबह दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में जमीन के बदले नौकरी मामने में सुनवाई हुई जिसमें कोर्ट ने लालू यादव, तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव को 1-1 लाख रुपये के मुचलके पर जमानत दे दी। इसके अलावा मामले में आरोपी मीसा भारती और रोहिणी आचार्य को भी कोर्ट ने 50-50 हजार के निजी मुचलके पर जमानत देने का फैसला सुनाया है। सुनवाई के बाद कोर्ट से बाहर निकलते हुए तेजस्वी यादव ने मीडिया से बात करते हुए इस केस को राजनैतिक साजिश बताया। उन्होंने कहा कि सरकार एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रही है।
वो 7 पीडित जिन्होंने लालू को ला दिया था जांच एजेंसी की रडार पर
इस मामले में लालू यादव पर आरोप है कि उन्होंने 2004 से 2009 के बीच रेलवे में नौकरी दिलवाने के बदले लोगों से औने पौने दामों में बदले में जमीन ले ली थी। 7 ऐसी डील सामने आई हैं जिन्होने लालू परिवार को कटघरे में खड़ा कर दिया। CBI की चार्जशीट के मुताबिक लालू यादव ने किरण यादव से इस मामले में 3.70 लाख रुपये में 80,905 वर्ग फीट जगह ले ली थी जबकि किशुनदेव राय, ब्रजनंदन राय, हजारी राय, संजय राय, विशुनदेव राय और लालबाबू राय को भी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से शिकार बनाया गया।




