नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। मुंबई में डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को लेकर स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा के बयान से सियासी हलचल तेज हो गई है। एक ओर जहां मुंबई पुलिस ने शिवसेना विधायक की शिकायत पर कॉमेडियन के खिलाफ मामला दर्ज किया है तो वहीं दूसरी तरफ हैबिटेट क्लब में तोड़फोड़ के मामले में शिवसेना कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वहीं अब हैबिटेट स्टूडियो ने भी बड़ा फैसला लेते हुए स्टूडियो को अस्थाई रूप से बंद करने का फैसला किया है। इस साल की शुरुआत में भी यह स्टूडियो तब सुर्खियों में आया था, जब पॉडकास्टर रणवीर अल्लाहबादिया ने ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ शो की शूटिंग के दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था।
हैबिटेट स्टूडियो ने इंस्टाग्राम पर किया ये पोस्ट
हैबिटेट स्टूडियो ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए कहा कि “हमारे खिलाफ हुए बर्बरता के कृत्यों से स्तब्ध, चिंतित और बेहद दुखी हैं। कलाकार अपनी राय और क्रिएटिव च्वाइसेज के लिए खुद जिम्मेदार हैं। हमें किसी भी आर्टिस्ट के द्वारा दिखाए गए कंटेंट में कभी शामिल नहीं किया गया, लेकिन हाल की घटनाओं ने हमें इस बारे में फिर से सोचने पर मजबूर किया है कि हमें हर बार दोषी ठहराया जाता है और निशाना बनाया जाता है, जैसे कि हम प्रदर्शनकर्ता के लिए एक प्रॉक्सी हों।”
स्टूडियो ने दी सफाई
स्टूडियो ने आगे कहा कि हम अपने मंच को तब तक के लिए बंद कर रहे हैं, जब तक हम कोई बेहतर रास्ता नहीं निकाल लेते, जिससे एक ऐसा प्लेटफॉर्म प्रोवाइड करवाया जा सके, जिस पर बिना किसी खतरे के अभिव्यक्ति की आजादी हो। स्टूडियो ने आगे कहा कि मंच तब तक आर्टिस्ट का होता है, जब तक वह उस पर होता है। आर्टिस्ट अपना कंटेंट खुद बनाते हैं, उनके शब्द और अभिव्यक्तियां उनकी अपनी होती हैं। हम असहमति को दूर करने के लिए रचनात्मक बातचीत की गुजारिश करते हैं, विनाश की नहीं। हम किसी भी तरह की नफरत या नुकसान का सपोर्ट नहीं करते हैं।
कुणाल के किस कमेंट पर हंगामा ?
कुणाल कामरा ने 23 मार्च को अपने एक्स अकाउंट पर अपने शो से एक वीडियो शेयर किया था जिसमें वो महाराष्ट्र की राजनीति से जुड़ी घटनाओं का मजाक उड़ाते नजर आए। कॉमेडियन ने बॉलीवुड सॉन्ग ‘दिल तो पागल है’ की ट्यून में महाराष्ट्र की राजनीति को लेकर कुछ लाइन्स बोलीं जिसमें वो साफ-साफ एकनाथ शिंदे पर हमला बोलते नजर आ रहे हैं। उन्होंने शिंदे को ‘गद्दार’ तक करार दिया और कहा- “मेरी नजर से तुम देखो तो गद्दार नजर वो आए। हाय!” वो शिंदे गुट और उद्धव ठाकरे गुट बंटने की घटना के बारे में बात कर रहे थे।




