नई दिल्ली/ रफ्तार डेस्क। दिल्ली के सदर बाजार इलाके में इस समय एक खुजली गैंग सक्रिय है। जो अजब-जगब तरीके से लोगों को लूट रहा है। रविवार को दिल्ली पुलिस ने सदर बाजार से ही खुजली गैंग के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। खुजली गैंग के द्वारा लोगों को शिकार बनाये जाने का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सदर बाजार में देते हैं वारदात को अंजाम
सदर बाजार दिल्ली का बहुत ही मशहूर इलाका है। यहां पर हर दिन हजारों लोग सामानों की खरीदारी करने आते हैं। इसकी वजह से यहां काफी भीड़भाड़ होती है। लोग ढेरों सामान खरीदकर यहां से जाते हैं। भीड़ के कारण लोग एक दूसरे से टकरा जाते हैं। इसी का फायद खुजली गैंग उठाता है।
चुपके से शरीर पर डाल देते हैं खुजली वाला पाउडर
दरअसल खुजली गैंग के सदस्य भीड़ में से किसी एक व्यक्ति को टारगेट करते हैं। वो उन लोगों को अपना निशाना बनाते हैं जो अकेले हो और जिसके हाथ में सामान नजर आता हो। टारगेट चुने के बाद खुजली गैंग कुछ देर उसका पीछा करता है और फिर चुपके से खुजली वाला पाउडर पीछे से उसके शरीर पर डाल देता है। पाउडर शरीर पर गिरते ही बहुत तेज खुजली होने लगती है। जब खुजली काफी ज्यादा होने लगती है तो लोग अपना सामान नीचे रखकर शर्ट उतारकर खुजलाने लगते हैं।
खुजली गैंग के लोग इसी ताक में रहते हैं। जैसे ही खुजली कर रहा शख्स अपना सामान नीचे रखता है और शर्ट निकालकर शरीर खुजलाने लगता है। तभी खुजली गैंग के लोग सामान लेकर भाग जाते हैं।
2 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
इस गैंग के द्वारा कई लोगों को अपना शिकार बनाया गया है। जिसके कई वीडियो सामने आए हैं। वीडियो में खुजली गैंग के लोग एक शख्स को लूटते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि इस गैंग के 3-4 लोग चोरी की घटना को अंजाम देते हैं। रविवार को सदर बाजार से पुलिस ने खुजली गैंग के 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। ये दोनों पश्चिम बंगाल के जलपाई गुड़ी के रहने वाले हैं। इनका नाम राजेंद्र और मुन्ना है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें :- www.raftaar.in




