नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। लोकसभा चुनाव में केरल में पहली बार बीजेपी का खाता खोलने वाले एक्टर व सांसद सुरेश गोपी केंद्रीय राज्य मंत्री का पद छोड़ना चाहते हैं। सुरेश गोपी ने त्रिशूर लोकसभा सीट से बीजेपी के सिंबल पर जीत हासिल की है। उन्होंने रविवार को ही केंद्रीय राज्य मंत्री पद की शपथ ली थी। गोपी का कहना है कि वो मंत्री पद नहीं रखना चाहते लेकिन त्रिशूर की जनता की सेवा करते रहेंगे।
फिल्मों में काम की वजह से नहीं चाहते मंत्री पद
एक न्यूज चैनल को इंटरव्यू देते हुए गोपी ने कहा कि चुनाव से पहले ही वो कई फिल्मों को साइन कर चुके हैं। कुछ फिल्मों का तो काम भी शुरू हो गया है। इसलिए वो मंत्री नहीं बनना चाहते हैं।
2016 में ज्वाइन की थी बीजेपी
सुरेश गोपी ने 2016 में बीजेपी ज्वाइन की थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में सुरेश गोपी को त्रिशूर सीट पर हार का सामना करना पड़ा था। इस सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। इसके अलावा 2022 के विधानसभा चुनाव में भी वो हार गए थे। आखिरकार 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने त्रिशूर लोकसभा सीट पर जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। जिसका इनाम उन्हें राज्य मंत्री के रूप में मिला।
बाल कलाकार के रूप में शुरू किया था फिल्मी करियर
मूल रूप से केरल के अलप्पुझा के रहने वाले सुरेश गोपी का जन्म 1958 में हुआ था। फिल्मों में उनका करियर बाल कलाकार के रूप में शुरू हुआ। उन्होंने 250 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। 1998 में फिल्म कलियाट्टम के लिए उन्हें बेस्ट एक्टर का नेशनल फिल्म अवार्ड दिया गया था।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




