नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 13 नवंबर 2024 और 20 नवंबर 2024 को दो फेज में होंगे। चुनाव आयोग 23 नवंबर 2024 को झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के परिणाम जारी कर देगा। झारखंड में 81 विधानसभा सीटों पर दो फेज में मतदान होना है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने विधानसभा चुनाव के लिए सबसे ज्यादा सीटों पर अपने उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतारे हैं। JLKM ने इस मामले में राष्ट्रीय और सभी क्षेत्रीय दलों को पीछे छोड़ दिया है। JLKM ने 81 विधानसभा सीटों में से 76 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उत्तारे हैं।
महतो पिछले 4 वर्षों से JBKSS नामक संगठन चला रहे थे
BJP ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए 68 विधानसभा सभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उत्तारे हैं। झामुमो (JMM) ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए 43 सीटों पर, कांग्रेस ने 30 विधानसभा सीटों पर, आजसू ने 10 विधानसभा सीटों पर, राष्ट्रीय जनता दल ने 7 विधानसभा सीटों पर और JDU ने 2 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतारे हैं। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, JLKM झारखंड में NDA और इंडिया गठबंधन से इतर तीसरी राजनीतिक शक्ति के रूप में उभर कर सामने आई है। JLKM के अध्यक्ष जयराम कुमार महतो पिछले 4 वर्षों में झारखंड में अपनी सभाओं में भीड़ जुटाने वाले नेता के रूप में उभरे हैं। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, जयराम कुमार महतो पिछले 4 वर्षों से झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति (JBKSS) नामक संगठन चला रहे थे।
चुनाव आयोग ने JLKM को कैंची चुनाव चिन्ह आवंटित किया है
झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति (JBKSS) ने झारखंड में युवाओं के मुद्दे, प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियों और राज्य की स्थानीय भाषाओं पर आंदोलनों से सबका ध्यान अपनी तरफ खीचा। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति (JBKSS) ने तीन महीने पहले औपचारिक तौर पर ‘झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा’ नामक राजनीतिक पार्टी का रूप ले लिया था। भारतीय निर्वाचन आयोग ने भी इस संगठन को राजनीतिक पार्टी के रूप में अपनी मान्यता दे दी है। चुनाव आयोग ने JLKM को कैंची चुनाव चिन्ह आवंटित किया है।





