नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । उत्तरप्रदेश के संभल सीओ अनुज चौधरी इन दिनों सुर्खियों में हैं। हाल में साल में 52 जुमा और एक दिन होली वाला बयान देकर हाइलाइट हुए थे। सपा, कांग्रेस और आप सहित कई विपक्षी दल इस बयान को लेकर हमलावर हैं। अनुज चौधरी पर सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने की कोशिश का आरोप लगे हैं। इस बीच उनके पिता बृजपाल सिंह चौधरी ने बेटे की जान पर खतरा बताते हुए उनके लिए सुरक्षा की मांग की है।
संभल सीओ अनुज चौधरी को जान का खतरा
बृजपाल सिंह चौधरी ने विपक्षी नेताओं के बयानों को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI द्वारा नोटिस किए जाने का दावा किया है। इसके साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह के लफंडर वाले बयान पर भी कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा है कि संजय सिंह को अपनी गलती माननी चाहिए, नहीं तो उन पर मामला दर्ज होना चाहिए।
बृजपाल सिंह चौधरी ने कहा, ‘इस बयान के बाद कुछ लोगों को दर्द होने लगा है, लोग बौखलाए हुए है। कोई कह रहा है कि मार दो। कोई कुछ और कह रहा है। कोई लफंडर बता रहा है।’ उन्होंने दावा किया, ‘विपक्षी दलों के नेताओं के बड़बोलेपन वाले बयानों को पाकिस्तान की आईएसआई भी नोटिस कर रही है। इसलिए मुझे कहीं ना कहीं डर है कि, अनुज की जान को खतरा है। सीएम योगी जी से आग्रह है कि सीओ अनुज चौधरी की सुरक्षा का उचित इंतजाम करें।’
CO अनुज चौधरी ने क्या कहा था?
वायरल बयान में अनुज चौधरी ने कहा था, ‘साल में 52 जुमा पड़ते हैं जबकि होली एक बार आती है। उन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों से अनुरोध किया था कि इस दिन यदि घर से बाहर निकलें तो बड़ा दिल दिखाते हुए यदि कोई रंग लगा दे तो बुरा न मानें। या यदि उन्हें लगता है कि धर्म भ्रष्ट हो जाएगा तो उस दिन होली के समय बाहर न निकलें। घर में ही नमाज पढ़ लें।’




