नई दिल्ली, 28 मई (हि.स.)। वयोवृद्ध भारतीय वैज्ञानिक और भारत रत्न प्रोफेसर सीएनआर राव को अंतरराष्ट्रीय ईएनआई अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। उनको मेटल ऑक्साइड कार्बन नैनोट्यूब, अन्य सामाग्री और द्वी आयामी प्रणाली के लिए यह अवॉर्ड दिया गया है। यह पुरस्कार उन्हें रोम के क्वीरिनल पैलेस में एक आधिकारिक समारोह के दौरान दिया जाएगा। हर साल यह अवॉर्ड इटैलियन ऑयल गैस कंपनी की ओर से ऊर्जा स्रोतों के बेहतर उपयोग और पर्यावरण अनुसंधान में वृद्धि को प्रोत्साहित करने के लिए दिया जाता है। प्रोफेसर सी.एन.आर. राव हाइड्रोजन पर काम कर रहे हैं और इसे ऊर्जा के स्रोत के रूप में कुशल तरीके से कैसे इस्तेमाल किया जा सकता है इस पर वह काम कर रहे हैं। हाइड्रोजन का भंडारण, हाइड्रोजन का फोटोकेमिकल और इलेक्ट्रोकेमिकल उत्पादन, हाइड्रोजन का सौर उत्पादन और गैर धातु उत्प्रेरण उनके काम के मुख्य आकर्षण हैं। हिन्दुस्थान समाचार/सुप्रभा सक्सेना




