नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । पाकिस्तानी आतंकवादी शिविरों पर भारतीय सेना के हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के मद्देनजर, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस एयरलाइंस ने बुधवार को देश के कुछ हिस्सों से आने-जाने वाली सभी उड़ानें आज दोपहर तक रद्द कर दीं। एयर इंडिया एयरलाइंस ने एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए कहा, “जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट से सभी उड़ानें अगली सूचना तक रद्द की जा रही हैं।”
एयर इंडिया की तरफ से सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में कहा गया है कि, “मौजूदा स्थिति को देखते हुए, एयर इंडिया ने जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट से आने-जाने वाली सभी उड़ानें 7 मई को दोपहर 12 बजे तक अगली सूचना तक रद्द कर दी हैं। अमृतसर जाने वाली दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को फिलहाल दिल्ली भेजा जा रहा है। इस अप्रत्याशित व्यवधान के कारण हुई असुविधा के लिए हमें खेद है।”
दूसरी ओर, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी एक्स पर एक पोस्ट में यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया। पोस्ट में कहा गया, “मौजूदा प्रतिबंधों के कारण हमारे मार्ग पर कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं। इन-फ्लाइट अलर्ट और सूचनाओं के लिए, कृपया सुनिश्चित करें कि आपके संपर्क विवरण http://airindiaexpress.com/manage-booking पर अपडेट हैं।”
इस बीच, स्पाइसजेट एयरलाइंस ने भी देश के उत्तरी हिस्से के हवाई अड्डों से उड़ानों के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं। एक्स पर एक पोस्ट में स्काईजेट ने कहा कि धर्मशाला, लेह, जम्मू, श्रीनगर और अमृतसर हवाई अड्डे अगले आदेश तक बंद रहेंगे। इसका असर प्रस्थान, आगमन और उड़ानों पर भी पड़ेगा।
नौ आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले
भारतीय सशस्त्र बलों ने मंगलवार देर रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकवादी ठिकानों पर हवाई हमले किए। ये हवाई हमले 2019 में बालाकोट हवाई हमले और 2016 में उरी हमले के बाद किए गए सर्जिकल स्ट्राइक के बाद भारत द्वारा किए गए सबसे बड़े हवाई हमले थे।
इस बीच ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों पर बम गिराए हैं, जिससे पूरा देश हिल गया है। ऑपरेशन सिन्दूर भारतीय वायु सेना और सेना का एक ऑपरेशन था। एक ओर भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने हवाई हमले किए, वहीं दूसरी ओर सेना ने भी मिसाइलों का इस्तेमाल किया। भारतीय सेना के हमलों की ताकत इतनी जबरदस्त थी कि पाकिस्तानी वायुसेना को पता ही नहीं चला कि भारतीय वायुसेना ने मिसाइलें दाग दी हैं।




