नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। EY कंपनी के एक पूर्व कर्मचारी ने कहा है कि उसे लगातार 18 घंटों तक काम करना पड़ता था। इस बारे में जब उसने HR से बात की तो उन्होंने कहा कि यह क्लाइंट की डिमांड के अनुसार होगा। कर्मचारी ने बताया कि वो जब भी अपनी समस्याओं को शेयर करने की कोशिश करता था तो टीम के सदस्य उसका मजाक उड़ाते थे। उन पर दबाव इतना बढ़ गया था कि वो बिना दूसरे ऑफर लेटर के नौकरी छोड़ने पर मजबूर हो गए थे।
पत्नी ने टॉक्सिक कल्चर के कारण छोड़ी थी EY कंपनी
एक अन्य शख्स ने कहा कि मेरी पत्नी ने टॉक्सिक वर्क कल्चर के कारण EY कंपनी छोड़ दी थी। अगर उसने ऐसा नहीं किया होता तो मुझे पता है क्या होता। इस कंपनी में भारतीयों को गधा माना जाता है।18 घंटे यहां पर काम करना सामान्य बात जैसा है।
EY पुणे में 26 वर्षीय CA एना सेबेस्टियन पेरायिल ने काम के तनाव के कारण अपनी जान गंवा दी। एना, जो एक युवा चार्टर्ड अकाउंटेंट थीं उन्होंने अपनी पहली नौकरी में बहुत मेहनत की, लेकिन इसके चलते उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ा।
एना की मां ने लिखी चिट्ठी
एना की मां, अनीता ऑगस्टीन, ने एक ईमेल लिखा है जिसमें उन्होंने कंपनी के प्रमुख राजीव मेमानी को यह बताया कि कैसे कंपनी ने अत्यधिक काम को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि कंपनी के HR के दावे और उनकी बेटी की वास्तविकता में बहुत बड़ा फर्क था। वहीं लड़की के पिता सिबी जोसेफ का कहना है कि वो कंपनी के खिलाफ कोई लीगल एक्शन नहीं ले रहे हैं बस वो चाहते हैं कि ऐसा और किसी के साथ न हो।
एना को मार्च 2024 में मिली थी नौकरी
एना ने 2023 में अपनी CA परीक्षा पास की और मार्च 2024 में EY पुणे में शामिल हुईं। नौकरी के शुरू होते ही उन्हें तनाव और नींद न आने जैसी समस्याएं होने लगीं। अनीता ने कहा कि एना ने मेहनत जारी रखी, क्योंकि उन्हें विश्वास था कि मेहनत से सफलता मिलती है।
कंपनी के चेयरमैन रोजीव मेमानी ने लिंक्डिन पर किया पोस्ट
कंपनी के चेयरमैन राजीव मेमानी ने लिंक्डइन पोस्ट में लिखा कि कहा कि वह भी पिता हैं। वह एना सेबेस्टियन की मौत से व्यथित हैं। हम माफी चाहते हैं कि एना के अंतिम संस्कार में कोई नहीं गया। हमारे वर्क कल्चर में ऐसी परंपरा नहीं है। ऐसा कभी हुआ भी नहीं था। मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि ऐसा आगे कभी होगा भी नहीं।
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर हमारे कामकाज के तौर तरीकों के बारे में बहुत कुछ लिखा जा रहा है। मैं आप लोगों को बता देना चाहता हूं कि हमने हमेशा एक स्वस्थ कार्य संस्कृति बनाने की कोशिश की है। हम अपने कर्मचारियों का पूरा ख्याल रखते हैं। मैं खुद इस प्राथमिकता पर पूरा ध्यान दूंगा। हम अपने कर्मचारियों की बेहतरी के लिए काम करने को लेकर प्रतिबद्ध हैं।
मैं आराम नहीं करूंगा, जब तक लक्ष्य को पा नहीं लिया जाए : राजीव
राजीव मेमानी अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर हैं, उन्होंने कहा कि मैं तब तक आराम नहीं करूंगा, जब तक इस लक्ष्य को पा नहीं लिया जाए। कंपनी ने बयान जारी करते हुए कहा है कि एना सेबेस्टियन की मौत की भरपाई नहीं की जा सकती। हम उनके परिवार के साथ दुःख की इस घड़ी में साथ खड़े हैं। हमने उनके ईमेल को गंभीरता से लिया है।




