नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में सावन महीने के दौरान नॉनवेज रेस्टोरेंट बंद करने की मांग को लेकर ‘हिंदू रक्षा दल’ नामक संगठन के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन से जुड़े लोग KFC रेस्टोरेंट में घुस गए, नारेबाजी की और जबरन शटर गिरा दिया। प्रदर्शनकारियों ने हिंदू धार्मिक प्रतीकों वाले झंडे लहराए और कहा कि सावन के पवित्र महीने में नॉनवेज की बिक्री हिंदू भावनाओं को आहत करती है। इसके अलावा, Nazeer Foods रेस्टोरेंट के बाहर भी प्रदर्शन किया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सावन में नॉनवेज रेस्टोरेंट बंद करने की मांग
असल में यह मामला गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके का है। जहां सोमवार को ‘हिंदू रक्षा दल’ के कार्यकर्ताओं ने सावन महीने के दौरान मांसाहारी रेस्टोरेंट्स को बंद करने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के लगभग दो दर्जन सदस्य भगवा झंडे लेकर और ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाते हुए KFC रेस्टोरेंट में घुस गए, जहां उन्होंने मीट बिक्री पर आपत्ति जताई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सावन एक पवित्र महीना है और कांवड़ मार्ग के आसपास मांस की बिक्री धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि कांवड़ यात्रा मार्ग के आस-पास स्थित सभी नॉनवेज रेस्टोरेंट्स को सावन माह के दौरान बंद किया जाए।
‘हिंदू रक्षा दल’ का कहना है कि सावन महीने में बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ यात्रा पर निकलते हैं और ऐसे समय में मांसाहारी खाद्य पदार्थों की खुलेआम बिक्री उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती है। इसी मुद्दे को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं ने गाजियाबाद के वसुंधरा स्थित KFC रेस्टोरेंट का शटर जबरन बंद करा दिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सावन माह के दौरान मांस बिक्री पर रोक नहीं लगाई गई, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और अधिक उग्र रूप ले सकता है।
घटना का वीडियो वायरल
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक यह कहते हुए नजर आता है, “यह हिंदुस्तान है, यहां जो हिंदू चाहेंगे वही होगा।” वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रदर्शनकारी रेस्टोरेंट के ऑर्डर-पिकअप काउंटर तक पहुंच जाते हैं, जहां एक महिला कर्मचारी उन्हें शांत करने की कोशिश करती है और समझाने का प्रयास करती है। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने उसकी बात अनसुनी कर दी और रेस्टोरेंट को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर मांस बिक्री बंद नहीं की गई, तो अगला प्रदर्शन और ज़्यादा उग्र होगा, वर्ना दुकान बंद कर दो।




