नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने 8 जुलाई 2024 को विधानसभा में विश्वासमत हासिल कर लिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विश्वासमत 45 वोटों से जीत लिया है। वहीं बीजेपी विधायक विश्वासमत प्रस्ताव की वोटिंग के समय विधानसभा से वॉकआउट कर गए थे। विश्वासमत प्रस्ताव की वोटिंग से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस पर चर्चा का जवाब देते हुए बीजेपी पर खूब निशाना साधा। हेमंत सोरेन ने बीजेपी पर केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।
इनके पास न तो कोई सोच है और न ही किसी तरह का एजेंडा
हेमंत सोरेन ने जैसे ही बीजेपी पर हमला बोलना शुरू किया, वैसे ही बीजेपी विधायकों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। हेमंत सोरेन ने अपना भाषण जारी रखते हुए कहा कि ” इनके पास न तो कोई सोच है और न ही किसी तरह का एजेंडा है। इनके पास केंद्रीय एजेंसियां हैं। लोकसभा चुनाव 2024 ने इन्हे इनका चेहरा दिखा दिया है। अब राज्य का विधानसभा का चुनाव होना है। जिसको हम महागठबंधन के साथ मिलकर लड़ेंगे और विधानसभा के इस चुनाव में भी इन लोगों को आईना दिखाएंगे। इन लोगों का षड्यंत्र नहीं चल पाएगा।
हेमंत सोरेन अपने भाषण में चंपई सोरेन का जिक्र करना भी नहीं भूलें
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए आगे कहा कि वह यहां वैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से आए हैं। लेकिन विपक्ष उन्हें इस भूमिका में देखकर कैसा महसूस कर रहा है, वो विपक्ष के आचरण में दिखाई दे रहा है। हेमंत सोरेन ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग केवल राजनीतिक रोटियां सेकने की कोशिश कर रहे हैं।
हेमंत सोरेन अपने भाषण में चंपई सोरेन का जिक्र करना भी नहीं भूलें। उन्होंने कहा कि वह चंपई सोरेन का धन्यवाद करते हैं। चंपई सोरेन ने निडरता के साथ सरकार चलाई है और सरकार को बचाया है। वरना ये लोग(भाजपा वाले) खरीद-फरोख्त में उतर आए थे।
4 जुलाई 2024 को हेमंत सोरेन ने झारखंड के सीएम की शपथ ली
हेमंत सोरेन ने जेल से आने के बाद फिर से झारखंड की कमान संभालने का निर्णय लिया। जिसका चंपई सोरेन ने सम्मान किया। चंपई सोरेन ने इसके लिए मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दिया। जिसके एक दिन बाद ही 4 जुलाई 2024 को हेमंत सोरेन ने झारखंड के सीएम की शपथ ली थी।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




