नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। तमिलनाडु के अन्य भागों में बुधवार को भारी बारिश जारी है जिस कारण से सड़कों पर पानी भर गया है और जगह-जगह पर ट्रैफिक जाम लग गया है। इस कारण से पब्लिक ट्रांसपोर्ट सेवा भी प्रभावित हुई है। कई इलाकों में जल भराव के कारण आवाजाही बाधित हो गई है। लोगों को बेवजह घरों से बाहर निकलने के लिए मना किया गया है।
कुछ हिस्सों में रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में रेड अलर्ट जारी किया है। इसमें अगले 24 घंटों के लिए अलग-अलग जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। साथ ही 17 और 18 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी दा गई है। मौसम विभाग ने 16 अक्टूबर को तिरुवल्लूर, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू और चेन्नई सहित तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी से बेहद भारी बारिश का अनुमान जताया है।
सरकारी कार्यालयों में अवकाश, निजी कार्यालयों में वर्क फ्रॉम होम की सुविधा
पूर्वानुमान के देखते हुए सरकार ने 16 अक्टूबर को सभी स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी कार्यलयों के लिए अवकाश की घोषणा की है। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर इसमें पूरे जिले को कवर किया गया है। इसके साथ ही जितनी भी प्राइवेट फर्म हैं उन्हें 18 अक्टूबर तक अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दी है। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 1913 भी जारी किया गया है।
NDRF और SDRF की टीमें तैनात
तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी पर राज्य राहत आयुक्त राजेश लखोनी ने कहा है कि चेन्नई के कुछ हिस्सों में 16 सेमी तक बारिश हुई। उन्होंने बताया कि किसी भी स्थिति के लिए पूरी तैयारी की गई है। संसाधनों की योजना बनाकर पहले से ही रख दिया गया है। उन्होंने बताया कि 5 तटीय इलाकों में NDRF और SDRF की करीब 26 टीमों को तैनात किया गया है।




