नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह के निधन के बाद स्टैंड अप कमेडियन वीर दास ने इंस्टाग्राम पर डॉक्टर मनमोहन सिंह को लेकर एक पोस्ट किया है। उन्होंने बताया कि जब मनमोहन सिंह देश के प्रधानमंत्री थे तब वीर दास एक राष्ट्रीय न्यूज़ चैनल में काम करते थे और रात 9 बजे के प्राइम टाइम पर वो मनमोहन सिंह पर कॉमेडी स्केच किया करते थे।
वीर दास ने लिखा, ‘डॉक्टर मनमोहन सिंह ने कहा था कि इतिहास उदारता के साथ उन्हें याद रखेगा। मैं खुश हूं कि सोशल मीडिया पर आज यही दिख रहा है। उनके अंदर व्यंग्य की गहरी समझ थी। एक लीडर को अलग-अलग लोग अलग-अलग तरह से देखते हैं। मैं अपने अनुभव की बात कर सकता हूं। मुझे याद है मैं अपने 20s में था और प्राइम टाइम बुलेटिन में उन पर जोक्स बनाता था। हमारी टीम को पता था कि उनके ऑफिस के लोग हमें देख रहे हैं, पर हमें इसमें कोई दिक्कत नहीं थी।’
वीर दास ने लिखा, ‘वह देश के सबसे ताकतवर व्यक्ति थे और हम हफ्ते में पांच दिन एक मेन स्ट्रीम न्यूज़ चैनल में उनके ऊपर जोक्स सुनाते थे। वो जो इतने अच्छे भी नहीं होते थे क्योंकि हम बिल्कुल भी परिपक्व नहीं थे। ये कोई कॉमेडी शो नहीं था, रात 9 बजे का न्यूज़ बुलेटिन था जिसे देश के सारे बिजनेसपर्सन देखते थे। सोचो आज के समय में ये करना कितने दूर की कौड़ी लगती है। ये एक महान, सिक्योर और विनम्र नेता की पहचान है। यह खुद का मज़ाक झेलने की ताकत को दिखाता है। महान नेता ये समझते हैं कि ये उनके जॉब का हिस्सा है। पावरफुल नेता और मज़ाक ऐतिहासिक रूप से एक-दूसरे से जुड़े रहे और मजाक को ग्रेस के साथ स्वीकार करना उन्हें महान बनाता है। इस लिहाज से मैंने अपनी जिंदगी में जितने राजनेता देखे, वो उन सबमें सबसे ऊपर हैं।’
इसके अलावा वीर दास ने एक और पोस्ट में लिखा कि लोगों को डॉक्टर मनमोहन सिंह को गूगल पर सर्च करना चाहिए और देखना चाहिए कि उनकी क्वालिफिकेशंस क्या थीं। आप प्रेरित हुए बिना नहीं रह पाएंगे।




