नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर उत्तर प्रदेश में सात दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया गया है। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह से जुड़े लोग उनसे जुड़े पुराने किस्सों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। इन्ही में से एक हैं उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री और पूर्व आईपीएस अधिकारी असीम अरुण। असीम अरुण साल 2004 से 2008 तक स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) का हिस्सा थे। इस दौरान असीम अरुण पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के बॉडी गार्ड रहे। असीम अरुण को उन्हें बहुत ही करीब से जानने का मौका मिला।
योगी के मंत्री और पूर्व IPS असीम अरुण ने एक्स पर लिखा
उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री और पूर्व IPS अधिकारी असीम अरुण ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा “मैं 2004 से लगभग तीन साल तक उनका बॉडी गार्ड रहा। SPG में पीएम की सुरक्षा का सबसे अंदरुनी घेरा होता है – क्लोज़ प्रोटेक्शन टीम जिसका नेतृत्व करने का अवसर मुझे मिला था। AIG सीपीटी वो व्यक्ति है जो पीएम से कभी भी दूर नहीं रह सकता। ऐसे में उनके साथ उनकी परछाई की तरह साथ रहने की जिम्मेदारी मेरी थी।
डॉ. साहब की अपनी एक ही कार थी – मारुति 800, जो पीएम हाउस में चमचमाती काली BMW के पीछे खड़ी रहती थी। मनमोहन सिंह जी बार-बार मुझे कहते- असीम, मुझे इस कार में चलना पसंद नहीं, मेरी गड्डी तो यह है (मारुति)। मैं समझाता कि सर यह गाड़ी आपके ऐश्वर्य के लिए नहीं है, इसके सिक्योरिटी फीचर्स ऐसे हैं जिसके लिए SPG ने इसे लिया है। लेकिन जब वह मारुति के सामने से निकलते तो वे हमेशा मन भर उसे देखते। जैसे संकल्प दोहरा रहे हो कि मैं मिडिल क्लास व्यक्ति हूं और आम आदमी की चिंता करना मेरा काम है। करोड़ों की गाड़ी पीएम की है, मेरी तो यह मारुति है।”
डॉ. मनमोहन सिंह का 26 दिसंबर 2024 की रात को निधन हो गया
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 26 दिसंबर 2024 की रात को निधन हो गया। डॉ. मनमोहन सिंह 92 वर्ष के थे। उन्हें उम्र से संबंधित बीमारियों ने घेर रखा था। गुरुवार को डॉ. मनमोहन सिंह घर पर अचानक बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें रात करीब आठ बजे दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया था। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का रात 9:51 बजे उनका निधन हो गया।





