नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। हरियाणा सरकार ने अग्निवीरों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने ऐलान किया है कि अग्निवीरों को राज्य पुलिस और माइनिंग गार्ड की भर्ती में 10 प्रतिशत का आरक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही ग्रुप सी की भर्ती में आयु सीमा में 3 साल की छूट दी जाएगी। वहीं हरियाणा सरकार ने ग्रुप सी के पदों में भर्ती के लिए अग्निवीरों को 5 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा की है। इसके अलावा जो अग्निवीर अपनी चार साल की नौकरी पूरी करने के बाद अगर अपना खुद का कोई काम शुरू करना चाहेगा तो उसे काम शुरू करने के लिए हरियाणा सरकार 5 लाख तक बिना किसी ब्याज के लोन देगी।
हाल में ही संसद में भी अग्निवीरों का मुद्दा उठा था
हरियाणा सरकार ने अग्निवीरों के लिए यह बहुत ही बढ़िया घोषणा की है। वहीं हाल में ही संसद में भी अग्निवीरों का मुद्दा उठा था। लोकसभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने अग्निवीर योजना का मुद्दा उठाते हुए कहा था कि वह अग्निवीर के परिवार के साथ मुलाकात कर चुके हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने कहा था कि केंद्र सरकार द्वारा अग्निवीर को शहीद का दर्जा नहीं दिया गया है। उन्होंने अग्निवीरों को यूज एंड थ्रो मजदूर बता डाला था। अग्निवीरों में इस योजना को लेकर भय है। राहुल गांधी ने आगे कहा था कि मोदी जी अग्निवीर के जवान को शहीद नहीं मानते हैं। वहीं बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी के सवालों का जवाब देते हुए कहा था कि अग्निवीर योजना को 158 संगठनों के सुझाव के बाद ही शुरू किया गया था।
पूर्व अग्निवीरों को अर्धसैनिक बलों में 10 प्रतिशत आरक्षण
जानकारी के लिए बताना चाहेंगे कि अग्निवीरों को लेकर अभी तक सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (CISF), सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF), बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) और सशस्त्र सीमा बल (SSB) के चीफ ने पूर्व अग्निवीरों के लिए अपनी फाॅर्स में आरक्षण का ऐलान किया है। जानकारी के अनुसार पूर्व अग्निवीरों को अर्धसैनिक बलों में 10 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। वहीं पूर्व अग्निवीरों को अर्धसैनिक बलों में आयु सीमा और फिजिकल टेस्ट में भी छूट दी जाएगी। सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (CISF) की डीजी नीना सिंह ने जानकारी दी थी कि पूर्व अग्निवीरों को पहले बैच में आयु सीमा में 5 साल और दूसरे बैच में आयु सीमा में पूर्व अग्निवीरों को 3 साल की छूट दी जाएगी।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




