नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । उत्तर प्रदेश के संगम नगरी प्रयागराज के महाकुंभ मेले से वायरल हुई साध्वी हर्षा रिछारिया को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है। सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर हर्षा ने सुसाइड करने की धमकी दी है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर अपना दर्द बयां किया। वीडियो में हर्षा भावुक होती नजर आई।
बताऊंगी किसने मेरे साथ क्या किया है?
हर्षा रिछारिया ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इस वीडियो में हर्षा कह रही हैं- ‘मेरे परिचय के कुछ लोग मेरे फर्जी वीडियो शेयर कर रहे हैं, इन फर्जी वीडियो से मेरी बदनामी हो रही है। जो लोग ये फर्जी वीडियो वायरल कर रहे हैं, उनके नाम मेरे पास आ गए हैं।’ हर्षा रिछारिया ने आगे कहा- ‘मैं इन चीजों से इतनी तंग आ चुकी हुं कि मन कर रहा है सुसाइड कर लूं। अगर मैंने सुसाइड की तो उन सबका नाम सुसाइड नोट में नाम लिखकर जाऊंगी। बताऊंगी किसने मेरे साथ क्या किया है?’
‘लड़की को आगे नहीं बढ़ने देना चाहते’
वीडियो की शुरुआत में हर्षा ने कहा- मैंने महाकुंभ में हिंदुत्व सनातन का प्रचार करने का संकल्प लिया था। प्रतिज्ञा ली थी कि सनातन धार्मिक संस्कृति के प्रति युवाओं को जागरूक करने का काम करूंगी, लेकिन कुछ धर्म विरोधी लोगों को मेरे इस काम से तकलीफ होने लगी। मुझे आगे बढ़ने से रोक रहे हैं। मेरे पुराने वीडियो शेयर कर रहे है। पूछ रहे है कि ये कैसे साध्वी हो सकती है? मैंने कभी नहीं कहा कि मैं साध्वी हूं।’
AI से एडिट कर रहे वीडियो
हर्षा ने वीडियो में आगे कहा कि, मेरे कुछ वीडियो AI से एडिट कर उसे जारी किया जा रहा है। मुझे रोजाना 15-20 मेसेज आ रहे हैं। कुछ लोगों को एक लड़की का आगे निकलना रास नहीं आ रहा। अगर किसी सुबह ये पता चले कि हर्षा रिछारिया ने आत्महत्या कर ली है तो मैं सबके नाम लिखकर जाऊंगी कि किसने मेरे साथ क्या क्या किया है। महादेव ने जितनी मुझे हिम्मत दी है मैं लड़ती रहूंगी। हर हर महादेव…




