नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। गुरुग्राम से एक सड़क हादसे का रोंगटे खड़ा कर देने वाला वीडियो सामने आया है। इस हादसे में एक बाइक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक बाइक चालक की पहचान अक्षत गर्ग के रूप में हुई है। यह हादसा तेज रफ्तार और रॉन्ग साइड ड्राइव की वजह से हुआ है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कैसे हुआ हादसा?
दरअसल साइबर सिटी गुरुग्राम में एक तेज रफ्तार बाइक सवार रॉन्ग साइड से आ रही महिंद्रा कार से टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई। हादसे का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया और बाद में जमानत पर रिहा कर दिया। पुलिस के मुताबिक अक्षत गर्ग द्वारका के पोचनपुर का रहने वाला था। वहीं कार चालक की पहचान कुलदीप कुमार ठाकुर के रूप में हुई है। वह घिटोरनी का रहने वाला है और एक पीआर कंपनी का सह-संस्थापक है।
काफी तेज रफ्तार से बाइक चला रहा था मृतक
बताया जा रहा है कि मृतक अक्षत काफी तेज रफ्तार से बाइक चला रहा था। तभी रॉन्ग साइड से आ रही एक कार से उसकी बाइक टकरा गई। ये टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक उछलकर काफी आगे जाकर गिरी और अक्षत भी सड़क पर गिर पड़ा। वीडियो देखने से लगता है कि ये हादसा ओवर स्पीड और गलत साइड ड्राइव की वजह से हुआ है।
पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
वहीं हादसे के बाद अक्षत गर्ग का दोस्त प्रद्युमन ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन अक्षत की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले में कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। कार चालक क्या नशे में गाड़ी चला रहा था, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को भी जब्त कर लिया है।
लोगों में सिहरन पैदा कर रहा वायरल वीडियो
शासन-प्रशासन के द्वारा लगातार वाहन चालकों से सावधानी से वाहन चलाने की अपील की जाती है। वाहन चालकों को तेज गति से वाहन चलाने से बचने की भी बार-बार सलाह दी जाती है, लेकिन कई लोग प्रशासन की इस अपील की अनदेखी कर देते हैं। जिसकी वजह से ऐसे हादसे हमें बार-बार देखने को मिलते हैं। गुरुग्राम हादसे की ये वीडियो वाहन चालकों को सावधान करने वाली है। सड़क पर ट्रैफिक नियमों का पालन कर इस प्रकार के हादसों से बचा जा सकता है।





