नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। कानपुर में शनिवार सुबह साबरमति एक्सप्रेस के 22 डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि, राहत की खबर ये है कि इस घटना में जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है, वहीं किसी के घायल होने की सूचना भी नहीं है। बताया जा रहा है कि पटरी पर एक बड़ा बोल्डर था जिससे ट्रेन का इंजन टकराया, उसके बाद ट्रेन डिरेल हो गई। इस घटना के बाद 6 ट्रेनों के रूट बदले गए हैं।
घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है : ADM
एडिश्नल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट राकेश वर्मा ने बताया कि वाराणसी से अहमदाबाद जाने वाली साबरमति एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 19168 पटरी की 22 बोगियां कानपुर और भीमसेन स्टेशन के बीच ब्लॉक सेक्शन पर पटरी से उतर गईं। लेकिन इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि सभी यात्रियों को बस के जरिए स्टेशन भेज दिया गया है। एक मेमो ट्रेन का प्रबंध भी किया गया है।
ट्रेन का इंजन ट्रैक पर रखी वस्तु से टकराने के कारण हुआ हादसा
रेल मंत्री अश्नवनी वैष्णव ने बताया कि इंजन ट्रैक पर रखी किसी वस्तु से टकरा गया और ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतर गए। तेज टक्कर की खरोचे भी ट्रेन पर देखी जा सकती हैं। सबूतों को सुरक्षित रखा गया है। इस मामले पर IB और यूपी पुलिस काम कर रहे हैं। कोई घायल नहीं हुआ है और यात्रियों के अहमदाबाद जाने के लिए ट्रेन का व्यवस्था की गई है।
किसी प्रकार की कोई कैजुएलटी नहीं हुई है, कोई घायल नहीं हुआ है : डीआरएम
झांसी डिविजन के रेलवे डीआरएम दीपक कुमार ने कहा कि घटना में किसी प्रकार की कोई कैजुएलटी नहीं है और कोई घायल नहीं हुआ है। यात्रियों को ट्रेन और बस के जरिए कानपुर ले जाया गया है। कानपुर में यात्रियों की सुविधा के लिए एक और ट्रेन का प्रबंध किया गया है जिससे लोगों को उनके निर्धारित स्थान पर ले जाया जा सके।
राहत ट्रेन का किया गया प्रबंध, एक्टिवली की जा रही है जांच
भारतीय रेल की ओर से एक राहत ट्रेन का प्रबंध भी किया गया है। यह ट्रेन अहमदाबाद जाएगी। रेलवे घटना की जांच एक्टिवली कर रहा है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें- Hindi News Today: ताज़ा खबरें, Latest News in Hindi, हिन्दी समाचार, आज का राशिफल, Raftaar – रफ्तार–





