नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। CERT-In ने देश के Android यूजर्स के लिए बड़ी चेतावनी जारी की है। CERT-In ने अपनी एडवाइजरी के जरिए एंड्रॉइड ऑपरेटिंग सिस्टम में आई एक बड़ी खामी के बारे में बताया है। जिसकी वजह से Android यूजर्स का स्मार्टफोन बड़ी ही आसानी से हैकर्स के निशाने पर आ सकता है। केंद्र सरकार MeitY(Ministry of Electronics & Information Technology) के अंतगर्त आने वाली सिक्योरिटी एजेंसी CERT-In ने यूजर्स को अपने Android स्मार्टफोन को लेटेस्ट सिक्योरिटी पैच के साथ अपडेट करने निर्देश दिया है। ऐसा करने से Android यूजर्स किसी बड़े खतरे से बच सकेंगे।
Android डिवाइस में एक नए आर्बिटरी कोड में खामी निकली है
CERT-In ने अपने नोट CIVN-2024-0349 दिनांक 25 नवंबर 2024 के माध्यम से चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि Android डिवाइस में एक नए आर्बिटरी कोड में कोई खामी निकली है। जिसकी वजह से हैकर्स Android यूजर्स के डिवाइस में डिनायल ऑफ सर्विस (DoS)पैदा करके सॉफ्टवेयर को अपने कंट्रोल में कर सकते हैं।
इन Android स्मार्टफोन के ऑपरेटिंग सिस्टम पर पाई गई है खामी
CERT-In की एडवाइजरी के अनुसार, यह खामी Android 12, Android 12L, Android version 13, Android 14 और Android 15 के ऑपरेटिंग सिस्टम पर चल रहे स्मार्टफोन पर पाई गई है। CERT-In ने अपने नोट CIVN-2024-0349 दिनांक 25 नवंबर 2024 के माध्यम से कहा है कि एंड्रॉइड ऑपरेटिंग सिस्टम के फ्रेमवर्क, सिस्टम, गूगल प्ले सिस्टम अपडेट, कर्नेल, कर्नेल LTS, इमेजिनेशन टेक्नोलॉजी, मीडियाटेक कंपोनेंट्स, क्वालकॉम कंपोनेंट्स, क्वालकॉम बेस्ड क्लोज्ड सोर्स कंपोनेंट्स में यह खामी पाई गई हैं।
इस वजह से भारत में Android के अच्छे खासे यूजर्स हैं
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस समय हमारे देश में लॉन्च होने वाले अधिकतर स्मार्टफोन MediaTek और Qualcomm के प्रोसेसर के साथ आते हैं। ऐसी स्थिति में अधिकतर Android यूजर्स इसके कारण प्रभावित हो सकते हैं। बता दें कि Android एक ओपन सोर्स ऑपरेटिंग सिस्टम है, जिसको मोबाइल डिवाइस, टैबलेट्स, स्मार्ट टीवी और स्मार्टवॉच के लिए डिजाइन किया गया है। इसकी वजह से भारत में Android के अच्छे खासे यूजर्स हैं।
हैकर्स यूजर्स के एंड्ऱॉइड डिवाइस में आसानी से सेंध लगा सकते हैं
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, Android की इस नई खामी के कारण हैकर्स यूजर्स के एंड्ऱॉइड डिवाइस में आसानी से सेंध लगा सकते हैं। जिसके कारण Android यूजर्स की महत्वपूर्ण जानकारी हैकर्स के हाथ लग सकती है। जिसके बाद हैकर्स यूजर्स की इस महत्वपूर्ण जानकारी को फ्रॉड करने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। Android की इस नई खामी के कारण Android यूजर्स को डेटा लीक और अनऑथोराइज्ड एक्सेस जैसे गंभीर रिस्क का सामना करना पड़ सकता है।
CERT-In ने लेटेस्ट सिक्योरिटी पैच को अपडेट करने की सलाह दी है
CERT-In ने Android यूजर्स को अपने एंड्रॉइड ऑपरेटिंग सिस्टम को लेटेस्ट सिक्योरिटी पैच के साथ अपडेट करने की बड़ी सलाह दी है। जिससे Android के ऑपरेटिंग सिस्टम में आई इस खामी को आसानी से दूर किया जा सके। अगर आप भी Android यूजर्स हैं तो आप को भी अपने स्मार्टफोन की सेटिंग्स में जाकर सॉफ्टवेयर अपडेट सर्च करके लेटेस्ट सिक्योरिटी पैच को डाउनलोड करके इंस्टॉल कर लेना चाहिए।





