नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी के अमेरिका के टेक्सास में RSS पर दिए बयान में कहा है कि राहुल गांधी को इस बात को लेकर अपनी दादी इंदिरा गांधी से पूछें कि RSS की क्या भूमिका रही है। दरअसल राहुल गांधी ने अमेरिका के टेक्सास में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि ‘आरएसएस मानता है कि भारत ‘एक विचार’ है, जबकि हम मानते हैं कि भारत ‘कई विचारों’ से बना है।
इतिहास के पन्ने पलटकर देखें राहुल गांधी- गिरिराज सिंह
गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को उस समय के बारे में कुछ नहीं पता है कि जब उनकी दादी पाकिस्तान के खिलाफ एक महत्वपूर्ण लड़ाई लड़ रही थीं। उन्होंने कहा कि अगर कोई ऐसी तकनीक है जिससे हम गए हुए लोगों से बात कर सकते हैं तो राहुल को उसका प्रयोग कर अपनी दादी बात करनी चाहिए। उनसे उस समय में RSS की भूमिका के बारे में बात करनी चाहिए। उन्हें इतिहास के पन्ने पलटकर देखने चाहिए।
देश के बाहर जाकर कर रहे हैं देश की आलोचना
उन्होंने कहा जो लोग बाहर जाकर देश की आलोचना करते हैं वो लोग सच्चे रूप में RSS को नहीं जान सकते। इससे ऐसा लगता है कि राहुल देश की छवि को कलंकित करने के लिए विदेश गए हैं। RSS का जन्म भारत की संस्कृति और परंपराओं से हुआ है।
बीजेपी और भारत के प्रधानमंत्री मोदी का डर समाप्त हो गया : राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि ”चुनाव के नतीजे आने के कुछ मिनट के अंदर ही लोगों के मन से बीजेपी और भारत के प्रधानमंत्री मोदी का डर समाप्त हो गया।” टेक्सास में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा है कि पश्चिमी देशों में रोजगार की समस्या है। भारत में रोजगार की समस्या है लेकिन दुनिया के कई देशों में रोजगार की समस्या नहीं है।
जानिए राहुल गांधी ने और क्या कहा?
राहुल ने कहा कि चीन में निश्चित रूप से रोजगार की समस्या नहीं है। वियतनाम में रोजगार की समस्या नहीं है। दुनिया में ऐसे कई स्थान हैं जो बेरोजगारी से नहीं जूझ रहे हैं। चीन वैश्विक उत्पादन पर हावी हो रहा है। पश्चिम, अमेरिका, यूरोप और भारत ने उत्पादन का विचार छोड़ दिया है और उन्होंने इसे चीन को सौंप दिया है।




