नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । हाल ही में भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर समझौते के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आदमपुर एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे। वहां की तस्वीरों में उनके पीछे S-400 एयर डिफेंस सिस्टम और मिग-21 विमान साफ नजर आए। दोनों ही ऑलिव ग्रीन रंग में रंगे हुए थे। सिर्फ इतना ही नहीं, भारतीय सेना के टैंक, मोर्टार, ट्रक से लेकर सैनिकों की यूनिफॉर्म तक, सब कुछ इसी रंग में दिखाई देता है। क्या आपने कभी सोचा है कि भारतीय सेना में ऑलिव ग्रीन रंग का इतना व्यापक उपयोग क्यों किया जाता है? आइये जानते हैं…
पहले खाकी थी वर्दी, फिर क्यों आया ‘ऑलिव ग्रीन’ रंग?
अगर सैनिकों की वर्दी के इतिहास पर नजर डालें, तो द्वितीय विश्व युद्ध तक अधिकांश देशों की सेनाएं खाकी रंग की यूनिफॉर्म पहनती थीं। खाकी रंग, जो धूल और मिट्टी से मेल खाता था, उस दौर में युद्ध के मैदान के लिए उपयुक्त माना जाता था। लेकिन समय के साथ युद्ध की प्रकृति और रणनीतियां बदलीं और बदल गया वर्दियों का रंग भी। अब ऑलिव ग्रीन रंग भारतीय सेना की पहचान बन चुका है। आपने सेना के जवानों और अधिकारियों की कॉम्बैट यूनिफॉर्म में यही रंग देखा होगा। आखिर क्यों?
असल में, सेना की ज्यादातर कार्रवाई खासकर पैदल सेना यानी इंफैंट्री की जंगलों, पहाड़ियों और प्राकृतिक इलाकों में होती है। ऑलिव ग्रीन रंग पेड़ों, पौधों और मिट्टी के बीच आसानी से घुल-मिल जाता है। इस कारण से सैनिक दुश्मन की नजर से छिपे रह सकते हैं और बड़े हथियार, टैंक, मोर्टार या एयर डिफेंस सिस्टम भी ज्यादा नजर में नहीं आते। इस कैमोफ्लाज तकनीक के तहत अब न सिर्फ वर्दियां, बल्कि सेना के वाहन, ट्रक, हथियार और भारी मशीनरी भी इसी रंग में रंगे जाते हैं, ताकि वे युद्ध या अभ्यास के दौरान आसानी से पहचाने न जा सकें। यही वजह है कि आज ‘ऑलिव ग्रीन’ केवल एक रंग नहीं, बल्कि भारतीय सेना की रणनीति और पहचान बन चुका है
नेवी की सफेद वर्दी सिर्फ पहचान नहीं, एक रणनीतिक जरूरत
अगर थल सेना (Army) की यूनिफॉर्म ऑलिव ग्रीन है, तो यह सवाल उठना लाजिमी है कि नौसेना (Navy) की यूनिफॉर्म सफेद क्यों होती है? असल में, नौसेना के जवान ज़्यादातर समय समुद्र में निगरानी और गश्त के अभियानों में लगे रहते हैं। कई बार ऐसी स्थिति भी आती है जब किसी युद्धपोत या जहाज़ में ब्लैकआउट करना पड़ता है, यानी सुरक्षा कारणों से सभी लाइटें बंद कर दी जाती हैं। ऐसे हालात में, अगर किसी नौसैनिक को ढूंढना पड़े या उसकी मौजूदगी की पुष्टि करनी हो, तो सफेद रंग की यूनिफॉर्म समुद्र के नीले या गहरे रंग के बैकग्राउंड में साफ दिखाई देती है। यह विजिबिलिटी जीवनरक्षक साबित हो सकती है, खासकर रात के समय या आपात स्थिति में।
एयरफोर्स की वर्दी की खासियत
अगर आपने भारतीय वायुसेना (Air Force) की यूनिफॉर्म पर ध्यान दिया हो, तो आपने देखा होगा कि वह सामान्यतः नेवी ब्लू रंग की होती है। यह रंग सिर्फ स्टाइल या सौंदर्य के लिए नहीं चुना गया, बल्कि इसका गहरा प्रतीकात्मक महत्व है। नीला रंग आकाश का प्रतिनिधित्व करता है और चूंकि वायुसेना का क्षेत्र भी आकाश है, इसलिए यह रंग उनकी पहचान और भूमिका को दर्शाता है। यह यूनिफॉर्म वायुसेना के जवानों को पेशेवर, सशक्त और अनुशासित छवि देती है।





