नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। पश्चिम बंगाल बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष ने 61 साल की उम्र में ऐसा फैसला लिया है जिसके बाद उनके नाम की चर्चा चारो ओर होने लगी है। दरअसल, खबर सामने आ रही है कि दिलीप घोष ने शादी के बंधन में बंधने का फैसला लिया है। 61 वर्षीय दिलीप घोष ने जिनसे शादी करने का फैसला लिया है वह और कोई नहीं बल्कि पार्टी की कार्यकर्ता हैं जिनका नाम रिंकू मजूमदार है। दोनों को शादी की शुभकानाएं मिलने का दौर शुरू हो चुका है। पार्टी के कई नेताओं ने उनसे मुलाकात करते उन्हें बधाई दी हैं।
मां की इच्छा पूरी करने के लिए लिया फैसला
दिलीप घोष ने अभी तक शादी नहीं की थी। अब उन्होंने शादी के बंधन में बंधने का फैसला लिया है। कई लोगों के मन में उनकी उम्र को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि शादी ब्याह किसी भी व्यक्ति का निजी फैसला होता है। दिलीप घोष के जानकारों का कहना है कि उन्होंने अपनी मां की इच्छा पूरी करने के लिए शादी करने का फैसला लिया है। दिलीप घोष की मां लंबे अर्से से ये चाहती थी कि उनका बेटा शादी करे। वो हमेशा कहती थीं कि अगर मैं नहीं रहूंगी तो ऐसे में तुम्हारा ख्याल कौन रखेगा? उनके शादी करने के फैसले के बाद बीजेपी के कई नेता उनके घर बधाई देने के लिए पहुंचे थे।
कौन हैं दिलीप घोष की होने वाली हमसफर रिंकू मजूमदार?
रिंकू मजूमदार बीजेपी से ही जुड़ी हुई हैं। रिंकू दक्षिणी कोलकाता में बीजेपी महिला मोर्चा में काम कर चुकी हैं। उनकी पहली शादी सफल नहीं हो सकी थी और उन्होंने तालाक ले लिया था। उनका 26 वर्षीय बेटा भी है जो आईटी सेक्टर में काम करता है। दिलीप घोष और रिंकू मजूमदार की मुलाकात पार्टी कार्यक्रमों में होती रहती थी। उसी दौरान उनका प्यार परवान चढ़ा। जानकारी के मुताबिक रिंकू ने खुद दिलीप घोष के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था।




