कोलकाता, 06 मार्च (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पूर्व राज्यसभा सांसद दिनेश त्रिवेदी दिल्ली पहुंच गए हैं। वहां भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता लेने वाले हैं। प्रदेश भाजपा सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है कि त्रिवेदी ने पार्टी की सदस्यता लेने की सूचना दी है और प्रदेश नेतृत्व के साथ वह दिल्ली गए हैं। कुछ दिनों पहले ही राज्यसभा के सत्र के दौरान उन्होंने टीएमसी छोड़ने की घोषणा की थी और कहा था कि हिंसा की संस्कृति से वह परेशान हो गए हैं। उन्होंने ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि उन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करने का दबाव बनाया जा रहा था। त्रिवेदी ने कहा था कि टीएमसी में उनका दम घुट रहा था। हालांकि उसके बाद से उन्होंने अपना राजनीतिक रुख स्पष्ट नहीं किया था और अटकलें ही लगाई जा रही थीं कि वह भाजपा में शामिल हो सकते हैं। अब आखिरकार वह दिल्ली पहुंच गए हैं। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश/सुगंधी




