नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। हरियाणा विधानसभा चुनाव मुहाने पर है और दिनों दिन हरियाणा की राजनीति दिलचस्प होती जा रही है। शुक्रवार को रेसलर विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। इस पूरे मामले पर अब बृजभूषण शरण सिंह ने अपना पक्ष सामने रखा है। उन्होंने कहा कि विनेश और बजरंग के कांग्रेस में शामिल होने के बाद उनका असली चेहरा सामने आ गया।
मुझे और PM मोदी को बनाया निशाना- बृजभूषण शरण सिंह
पूर्व BJP सांसद बृजभूषण ने अपने ताजा बयान में विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया पर हमला बोलते हुए कहा कि- कांग्रेस में शामिल होने के बाद इन दोनों रेसलर्स का असली चेहरा सामने आ गया। कांग्रेस पार्टी ने इनका इस्तेमाल करके मेरी और प्रधानमंत्री मोदी की छवि खराब करने की कोशिश की है। इस षड्यंत्र के पीछे राहुल और प्रियंका गांधी हैं जिन्होंने दीपेंद्र हुड्डा को मोहरे की तरह इस्तेमाल किया है। कांग्रेस ने बेटियों का इस्तेमाल राजनीति के लिए किया है।
दबदबा हमेशा बरकरार रहेगा
बृजभूषण शरण सिंह ने अपनी दबंगई वाली छवि पर बात करते हुए कहा कि- दबदबा और दबंगई ईश्वर की देन है और यह हमेशा बरकरार रहेगी। हरियाणा विधानसभा चुनाव पर बात करते हुए बताया कि अगर पार्टी उन्हें आदेश देती है तो वह हरियाणा में प्रचार के लिए जरूर जाएंगे। हरियाणा का जाट समाज हमारे साथ है, लिहाजा हम चुनाव जीतने जा रहे हैं।
लोकसभा चुनाव को लेकर बीजेपी को घेरा
लोकसभा चुनाव में यूपी में मिली शिकस्त को लेकर बृजभूषण सिंह ने अपनी ही पार्टी को घेर लिया। उन्होंने कहा- मैं बोल दूंगा तो तूफान खड़ा हो जाएगा लेकिन हमारी हार के जिम्मेदार अधिकारी भी हैं। लेकिन वह इस हार के लिए जवाबदेह नहीं हैं। गलतियां हुई है, इसी वजह से हम हारे हैं।




