नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। खनौरी बॉर्डर के प्रदर्शन स्थल पर पंजाब के किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का आमरण अनशन सोमवार को लगातार 28वें दिन भी जारी रहा। इलाज कर रहे डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है। डल्लेवाल को हार्ट अटैक और कई अंगों के फेल हो जाने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में डॉक्टरों ने उन्हें ICU में भर्ती कराने की हिदायत दी है।
26 नवंबर से चल रहा है अनशन
70 साल के जगजीत सिंह डल्लेवाल आंदोलनरत किसानों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी सहित अन्य मांगों को लेकर केंद्र पर दबाव बनाने के लिए खनौरी बॉर्डर पर 26 नवंबर से आमरण अनशन कर रहे हैं। संयुक्त किसान मोर्चा और किसान मजदूर मोर्चा ने बताया कि डॉक्टरों की सलाह के बाद वरिष्ठ किसान नेता रविवार को मंच पर नहीं आए। 27 दिनों से लगातार भूखे रहने से उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो चुकी है। उन्हें कई तरह के इंफेक्शन का खतरा बना हुआ है।
डल्लेवाल की जांच में जुटे डॉक्टर ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि डल्लेवाल के हाथ-पैर भूख के कारण ठंडे पड़े हैं। भूख से उनके आंतरिक अंगों को नुकसान हो रहा है। उनका ब्लड प्रेश भी घट-बढ़ रहा है। ऐसे में उन्हें चक्कर या बेहोशी आ सकती है। ऐसे में आमतौर पर मरीज को आईसीयू में भर्ती करने की जरूरत हो सकती है। उन्हें दिल का दौरा भी पड़ सकता है।
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री ने की मुलाकात
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने धरना स्थल पर पहुंच कर डल्लेवाल से मुलाकात की है। उन्होंने कहा कि डल्लेवाल ने निःस्वार्थ भाव से देश के किसानों के लिए अपनी जान जोखिम में डाली है।
देशभर में 24 दिसंबर को निकलेगा कैंडल मार्च
किसान नेताओं की ओर से जारी बयान में कहा गया कि डल्लेवाल की भूख हड़ताल के समर्थन में आगामी 24 दिसंबर की शाम 5.30 बजे देशभर में कैंडल मार्च निकाला जाएगा। 26 दिसंबर को डल्लेवाल के अनशन का एक महीना पूरा होगा। ऐसे में तहसील और जिला स्तर पर सांकेतिक भूख हड़ताल भी की जाएगी।




