नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। पिछले कुछ दिनों से जम्मू कश्मीर में लगातार हो रही आतंकी वारदातों को लेकर सेना लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में कश्मीर के बांदीपोरा जिले के अरागम इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों की मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया।
ढेर हुए आतंकवादी के पास मिली 1 M4 राइफल
सुरक्षाबलों को सूचना मिली कि इस इलाके में 2 आतंकी छिपे हुए हैं। जिसके बाद सुरक्षाबलों ने रविवार देर रात इलाके को चारों तरफ से घेर कर तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान मुठभेड़ में एक आतंकी ढेर हो गया। ढेर आतंकी के पास M4 राइफल थी।
बता दें कि जम्मू कश्मीर में लगातार हो रही आतंकी घटनाओं को लेकर आज चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान आज जम्मू में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे।
9 जून को हुआ था रियासी हमला
बता दें कि 9 जून को जम्मू कश्मीर के रियासी में आतंकवादियों ने घात लगाकर तीर्थयात्रियों की बस पर हमला कर दिया। जिसमें 10 लोग मारे गए। इसके अलावा 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए। आतंकवादियों ने इस हमले को शाम के तकरीबन 6 बजे अंजाम दिया था। अब रियासी आतंकी हमले की जांच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने NIA को सौंपी है। एनआईए ने इस मामले में UAPA के तहत केस दर्ज कर लिया है।
कठुआ में 2 आतंकवादी मारे गए
वहीं पिछले मंगलवार को जम्मू कश्मीर के कठुआ के एक गांव में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हो गई थी। जिसमें 2 आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया। वहीं कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में स्थित सैदा सुखल गांव पर मंगलवार की ही शाम को आतंकवादियों ने हमला कर दिया। इस दौरान एक जवान शहीद हो गया।
इसे अलावा कठुआ जिले में ही स्थित डोडा में आतंकवादियों ने तीसरा हमला किया। आतंकवादियों ने सेना के एक अस्थाई ऑपरेटिंग बेस पर गोलीबारी की। जिसमें 5 जवान सहित कुल 6 लोग घायल हो गए। इस हमले की जिम्मेदारी कश्मीर टाइगर नाम के एक आतंकी संगठन ने ली।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:-www.raftaar.in





