नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव (Maharashtra Assembly Election 2024) से पहले चुनाव आयोग ने एक बड़ी कार्यवाई की है जिसके बाद महाराष्ट्र की सियासी सरगर्मियों ने जोर पकड़ लिया है। चुनाव आयोग को विपक्षी दलों द्वारा महाराष्ट्र DGP के पक्षपाती होने की शिकायत मिली थी। इस मामले में आयोग ने कार्यवाई करते हुए महाराष्ट्र की DGP रश्मि शुक्ला का ट्रॉन्सफर कर दिया है। चुनाव आयोग ने निर्देश दिया है कि 5 नवंबर तक मुख्य सचिव को महाराष्ट्र के नए DGP के लिए तीन IPS अधिकारियों का पैनल सौंपा जाए। हालांकि तब तक के लिए राज्य के सबसे सीनियर आईपीएस अधिकारी को कार्यभार सौंपा जाए।
कांग्रेस ने की थी रश्मि शुक्ला की शिकायत
कांग्रेस ने नाना पटोले समेत कई विपक्षी नेताओं के DGP रश्मि शुक्ला पर अवैध फोन टैपिंग के आरोप लगाए थे। इस मामले को लेकर कांग्रेस नेता नाना पटोले ने केंद्रीय चुनाव आयोग (ECI) को पत्र लिखकर उन्हें हटाने की मांग की थी। चुनाव की घोषणा करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ने अधिकारियो के गैर पक्षपाती रहने का आग्रह किया था और यह भी कहा कि अधिकारी अपने कर्तव्य निभाएं। इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए शरद पवार ने इस फैसले का स्वागत किया है।
कांग्रेस ने दायर की नयी शिकायत
कांग्रेस रश्मि शुक्ला (DGP Rashmi Shukla) के ट्रॉन्सफर से भी खुश नहीं दिख रही। अब कांग्रेस की ओर से एक नयी शिकायत दर्ज कराई गई है जिसमें कहा गया है कि रश्मि शुक्ला को किसी नए पद पर नियुक्ति न दी जाए। कांग्रेस का आरोप है कि नई नियुक्ति मिलने पर वह महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान गड़बडी कर सकती हैं। हालांकि मौके का फायदा उठाकर BJP ने कांग्रेस से सवाल पूछ लिया कि क्या कांग्रेस अब भी मानती है कि चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है।




