नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । अक्सर लोग बुखार आने पर घबरा जाते हैं, लेकिन साधारण बुखार आना शरीर की सेहत के लिए अच्छा संकेत हो सकता है। दरअसल, जब शरीर में बैक्टीरिया, वायरस या फंगस घुसते हैं, तो इम्यून सिस्टम बुखार के जरिए उनसे लड़ता है। हालांकि बुखार के बाद शरीर थक जाता है और भूख भी कम हो जाती है। स्वाद चला जाता है, जिससे खाने का मन नहीं करता। आमतौर पर डॉक्टर खिचड़ी खाने की सलाह देते हैं, लेकिन हर किसी को यह पसंद नहीं आती। चूंकि इस समय शरीर को ज्यादा पोषक तत्वों की जरूरत होती है, इसलिए पौष्टिक चीजें खाना बेहद जरूरी हो जाता है। ऐसे में यहां 6 ऐसी चीजें बताई गई हैं जो बुखार में खाकर जल्दी रिकवरी पाई जा सकती है।
बुखार में राहत देगी ये चीजें
बेसन शीरा
बुखार में बेसन शीरा का सेवन बेहद फायदेमंद होता है। सर्दी, जुकाम और कफ से राहत देने वाला यह पारंपरिक घरेलू नुस्खा गले की खराश को कम करता है और शरीर को आराम पहुंचाता है।
चिकन सूप
चिकन सूप बुखार के दौरान एक बेहतरीन डाइट ऑप्शन है। यह न सिर्फ शरीर में तरल पदार्थों की कमी को पूरा करता है, बल्कि बॉडी टेम्परेचर घटाने और टॉक्सिन्स बाहर निकालने में भी मदद करता है। सूप में मौजूद सोडियम इलेक्ट्रोलाइट्स बैलेंस करता है, वहीं इसमें मौजूद विटामिन, मिनरल्स, प्रोटीन और कैलोरी कमजोरी को दूर करने में सहायक होते हैं।
हरी पत्तेदार सब्जियां
हरी पत्तेदार सब्जियां, जैसे पालक, डाइटरी फाइबर और जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं। ये मौसमी संक्रमणों, खासकर वायरल फीवर से लड़ने में शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करती हैं।
खिचड़ी
बुखार में खिचड़ी एक पौष्टिक और पचने में आसान आहार है। अगर स्वाद कम लगे तो इसमें धनिया पत्ती और नींबू रस मिलाकर टेस्टी बनाया जा सकता है। साथ में पुदीने की चटनी या दही से इसका स्वाद और पोषण दोनों बढ़ जाते हैं।
फल
बुखार में फल न खाने की धारणा गलत है। अधिकांश फल विटामिन C से भरपूर होते हैं, जो इम्यून सिस्टम को मजबूत करते हैं। भूख कम हो तो ताजे फलों का रस लेना बेहतर विकल्प है, क्योंकि ये आसानी से पचते हैं और शरीर को ताकत देते हैं।
नारियल पानी
बुखार में पानी की कमी को पूरा करने के लिए नारियल पानी बेहद फायदेमंद है। यह न सिर्फ शरीर को हाइड्रेट रखता है, बल्कि तापमान कंट्रोल करने और संक्रमण से लड़ने में भी मदद करता है। साथ ही, यह भोजन से मिले पोषक तत्वों को कोशिकाओं तक तेजी से पहुंचाने में सहायक होता है।





