नई दिल्ली, 13 अप्रैल (हि.स.)। कोविड-19 के मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि के मद्देनजर इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने अपने 34वें दीक्षांत समारोह को वर्चुअल माध्यम से आयोजित करने का फैसला किया है। पूर्व में दीक्षांत समारोह इग्नू परिसर में स्थित बाबा साहेब अंबेडकर कन्वेंशन सेंटर में प्रस्तावित था। विश्वविद्यालय ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव के संबंध में मंगलवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि इग्नू का 34वां दीक्षांत समारोह 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे वर्चुअन माध्यम से आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल "निशंक" समारोह को वर्चुअल माध्यम से बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करेंगे। विश्वविद्यालय इस बार 2 लाख 35 हजार से अधिक सफल छात्रों को डिग्री, डिप्लोमा और प्रमाण पत्र प्रदान करेगा। दीक्षांत समारोह का सीधा प्रसारण इग्नू के ज्ञान दर्शन चैनल, स्वयं प्रभा चैनल्स पर और इग्नू के फेसबुक पेज (https://www.facebook.com/OfficialPageIGNOU) के माध्यम से किया जाएगा। हिन्दुस्थान समाचार/सुशील




