नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । गर्मियों का मौसम आते ही शरीर से पसीना अधिक निकलने लगता है, जिससे पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन की समस्या आम हो जाती है। अगर समय रहते इसका ध्यान न रखा जाए, तो थकावट और कमजोरी के साथ-साथ हीट स्ट्रोक, मूत्र मार्ग संक्रमण (UTI) और ब्लड प्रेशर कम होना जैसी परेशानियां भी सिर उठा सकती हैं। लेकिन चिंता की कोई बात नहीं, डिहाइड्रेशन से बचना आसान है। बस अपनाने होंगे कुछ घरेलू और असरदार उपाय। सबसे जरूरी है कि दिनभर भरपूर मात्रा में पानी पिया जाए। हालांकि सिर्फ पानी ही नहीं, कुछ घरेलू चीजें भी शरीर को ठंडा और हाइड्रेट रखने में मदद कर सकती हैं। आइये जानते हैं…
‘न्यूट्रीएंट जर्नल’ में प्रकाशित एक रिसर्च के अनुसार, डिहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी की कमी होने पर सबसे पहली और जरूरी चीज है तरल पदार्थों का सेवन बढ़ाना। अध्ययन में देखा गया कि जब खिलाड़ियों ने पानी और दूसरे फ्लूइड्स का सेवन किया, तो न सिर्फ शरीर का तापमान नियंत्रित हुआ बल्कि गर्मी और मानसिक तनाव में भी कमी आई।
असल में, हमारे शरीर का करीब 60% हिस्सा पानी से बना होता है। पर्याप्त पानी की मौजूदगी से आंखों, जोड़ो और आंतरिक अंगों को जरूरी नमी मिलती है। साथ ही, यह शरीर से विषैले तत्व (टॉक्सिन्स) को बाहर निकालने में भी मदद करता है, जिससे त्वचा स्वस्थ रहती है और पाचन क्रिया बेहतर तरीके से काम करती है।
जौ का पानी : डिहाइड्रेशन से राहत पाने का प्राकृतिक तरीका
गर्मी के मौसम में शरीर को हाइड्रेटेड रखना बेहद जरूरी है और इसमें जौ का पानी एक बेहतरीन घरेलू उपाय साबित हो सकता है। जौ में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स, विटामिन्स और मिनरल्स शरीर को नमी बनाए रखने में मदद करते हैं और पानी की कमी को जल्दी दूर करते हैं। एक गिलास पानी में थोड़ा सा जौ डालें और इसे अच्छी तरह उबाल लें। जब पानी हल्का सुनहरा हो जाए, तो इसे छान लें। स्वाद बढ़ाने और सेहत को दोगुना लाभ देने के लिए इसमें थोड़ा नींबू का रस और शहद मिला लें। इस हेल्दी ड्रिंक को आप दिन में 3 से 4 बार पी सकते हैं।
नींबू पानी : हाइड्रेशन के साथ इंस्टेंट एनर्जी का जरिया
गर्मी में थकान और डिहाइड्रेशन से राहत पाने का सबसे आसान और असरदार तरीका है नींबू पानी। यह न सिर्फ शरीर को ठंडक देता है, बल्कि इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को भी पूरा करता है, जिससे शरीर में तुरंत ऊर्जा महसूस होती है। इसे बनाने के लिए एक गिलास ठंडे पानी में एक चम्मच नींबू का रस, एक चुटकी नमक और एक चम्मच चीनी मिलाएं। अच्छे से घोलकर पी लें। ये आसान-सी ड्रिंक गर्मी के मौसम में शरीर को तरोताज़ा रखने के साथ-साथ पानी की कमी को भी दूर करती है।
बेल का शरबत : ठंडक, हाइड्रेशन और बेहतर पाचन का देसी उपाय
गर्मी के मौसम में बेल का शरबत एक पारंपरिक लेकिन बेहद असरदार उपाय है, जो शरीर को अंदर से ठंडक पहुंचाता है और पाचन तंत्र को भी दुरुस्त रखता है। यह शरबत डिहाइड्रेशन को दूर करने में कारगर है और शरीर को तरोताजा बनाए रखता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले बेल फल को तोड़कर उसका गूदा निकाल लें। गूदे को पानी में अच्छी तरह मसलें और फिर छान लें। स्वाद और सेहत दोनों के लिए इसमें थोड़ा शहद या गुड़ मिला लें। दिन में एक बार इसका सेवन करने से गर्मी में शरीर हाइड्रेटेड रहता है और पेट की समस्याएं भी दूर रहती हैं।
नारियल पानी : गर्मी में सेहत का नेचुरल एनर्जी ड्रिंक
गर्मियों में अगर कोई सबसे प्राकृतिक और असरदार हाइड्रेटिंग ड्रिंक है, तो वो है नारियल पानी। यह नेचुरल इलेक्ट्रोलाइट्स का बेहतरीन स्रोत है, जो शरीर को तुरंत ऊर्जा देने के साथ-साथ पानी की कमी को भी तेजी से पूरा करता है। नारियल पानी डिहाइड्रेशन, थकान और मांसपेशियों में खिंचाव (मसल क्रैम्प्स) जैसी समस्याओं से राहत दिलाने में बेहद मददगार है। इसे आप दिन में 1 से 2 बार पी सकते हैं। इसका हल्का मीठा स्वाद और ठंडक भरा असर गर्मी के मौसम में शरीर को फ्रेश और एक्टिव बनाए रखता है।
खीरा और तरबूज : पानी की कमी दूर करने वाले सुपरफ्रूट्स
गर्मियों में शरीर को हाइड्रेटेड रखने के लिए खीरा और तरबूज जैसे फलों का सेवन बेहद फायदेमंद होता है। इन दोनों में पानी की मात्रा काफी अधिक होती है, जो शरीर को तेजी से नमी प्रदान करते हैं और डिहाइड्रेशन से बचाते हैं। सिर्फ हाइड्रेशन ही नहीं, ये दोनों फल किडनी को साफ करने यानी डिटॉक्स करने में भी मदद करते हैं। एक कटोरी में खीरे और तरबूज के टुकड़ों को मिलाएं, ऊपर से थोड़ा काला नमक छिड़कें और स्वाद के साथ सेहत का भी मज़ा लें। चाहें तो इनका जूस बनाकर भी पिया जा सकता है।




