नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। दिल्ली समेत पूरा देश आज शाम से ही गणतंत्र दिवस के समारोह को लेकर सराबोर नजर आने लगेगा। 26 जनवरी को सुबह 10:30 बजे से परेड की शुरूआत हो जाएगी। समारोह कि सुरक्षा चाक चौबंद करने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी है। ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार जिन रास्तों से परेड गुजरेगी उन रास्तों पर ट्रैफिक की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। 25 जनवरी की शाम से ही ये एडवाइजरी लागू कर दी जाएगी। अगर आप भी घर से निकलने की सोच रहे हैं तो पूरी ट्रैफिक एडवाइजरी पढ़ लें।
ऐसा रहेगा गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम
एडिशनल ट्रैफिक पुलिस कमिश्नर डीके गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम के अनुसार सुबह 9:30 बजे नेशनल वॉर मेमोरियल पर कार्यक्रम आयोजित होगा और इसके बाद सुबह 10:30 बजे से गणतंत्र दिवस की परेड की शुरूआत हो जाएगी। यह परेड विजय चौक से शुरू होगी जो कर्तव्य पथ, सी हैक्सागन, तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग से होते हुए नेताजी सुभाष मार्ग के रास्ते लाल किला पर पहुंचेगी।
इन रास्तों पर पूरी तरह रोक रहेगी
25 जनवरी की शाम 5 बजे से ही प्रतिबंध लागू हो जाएंगे। यह प्रतिबंध परेड खत्म होने तक लागू रहेंगे। इस दौरान विजय चौक से इंडिया गेट कर्तव्य पथ की तरफ जाने वाले वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा आज रात 10 बजे से ही रफी मार्ग, जनपथ, मान सिंह रोड से कर्तव्य पथ जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अगले दिन 26 जनवरी को सी हैक्सागन-इंडिया गेट पर सुबह 9:15 बजे से बाद यातायात बंद रहेगा। परेड शुरू होने के बाद तिलक मार्ग, बी.एस जेड मार्ग और सुभाष मार्ग पर भी वाहन नहीं चल पाएंगे। इसके अलावा दिल्ली की सीमाओं पर भी बाहर से आने वाले वाहनों पर रोक रहेगी।
इस रूट पर लागू होगा डायवर्जन
शिवाजी स्टेडियम से आने वाली बसें NH-24, रिंग रोड के रास्ते भैरों रोड पर समाप्त होंगी, जबकि NH-24 से आने वाली बसें रोड नंबर 56 पर दाहिनी ओर मुड़ेंगी और ISBT-आनंद विहार पर समाप्त होंगी।





