नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। उत्तर-पश्चिम से चल रही ठंडी हवाओं के कारण रात के तापमान में तेज गिरावट देखने को मिली है। इससे ठंड पहले से ज्यादा तेज महसूस हो रही है। सुबह और देर रात लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री के बीच रह सकता है। बीते दिन राजधानी में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो औसत से थोड़ा कम रहा। बढ़ती ठंड के चलते लोग रात के समय गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं।
अगले 48 घंटे दिल्ली में छाएगा घना कोहरा
मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में आगामी दो दिनों तक कोहरे को लेकर सतर्कता जताई है। अनुमान के अनुसार शहर के कई हिस्सों में हल्का से मध्यम घना कोहरा देखने को मिल सकता है। खासतौर पर तड़के और सुबह के समय दृश्यता घटने की आशंका है, जिससे सड़क और रेल सेवाओं पर असर पड़ सकता है।
दिन में मौसम देगा थोड़ी राहत
जहां सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है, वहीं दिन के वक्त मौसम कुछ हद तक राहत भरा रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, आसमान में हल्के बादल बने रह सकते हैं, लेकिन बीच-बीच में तेज धूप निकलने की भी संभावना है। दोपहर के समय धूप खिलने से ठिठुरन कम होती महसूस होगी, जिससे अधिकतम तापमान फिलहाल सामान्य से ऊपर बना रहेगा।
दिल्ली की हवा में थोड़ी राहत, प्रदूषण घटा लेकिन खतरा बरकरार
राजधानी दिल्ली में सर्द मौसम के बीच वायु गुणवत्ता को लेकर कुछ राहत की खबर सामने आई है। लगातार दूसरे दिन प्रदूषण के स्तर में गिरावट दर्ज की गई है। दिनभर चली हवाओं और तेज धूप के चलते हवा की हालत में पहले से सुधार देखने को मिला है। फिलहाल दिल्ली का एक्यूआई 286 रिकॉर्ड किया गया है, जो भले ही खराब श्रेणी में है, लेकिन हाल के दिनों की तुलना में स्थिति बेहतर मानी जा रही है।
हालांकि, वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली ने सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों के अनुसार यदि हवा की गति धीमी पड़ी तो आने वाले 24 घंटों में प्रदूषण फिर से बहुत खराब स्तर पर पहुंच सकता है। मौसम विभाग का भी कहना है कि मौसम में बदलाव के साथ प्रदूषण का स्तर दोबारा बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।





