भोपाल, 1 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में तीन विधानसभा और एक लोकसभा क्षेत्र में 30 अक्टूबर को हुए मतदान की मतगणना मंगलवार (2 नवंबर) को होगी। मतगणना की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। भाजपा और कांग्रेस को भरोसा है कि चारों स्थानों पर उनके उम्मीदवारों की जीत होगी। आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी में बताया गया है कि मतगणना सुबह आठ बजे शुरू होगी। पहले डाक मतपत्रों की गणना शुरू होगी। मतगणना के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए दो सभागार तय किए गए हैं, जहां सात-सात टेबिल लगाई जाएंगी। मतगणना स्थलों पर जिला पुलिस बल और अर्धसैनिक बल की तैनाती की गई है। राज्य के तीन विधानसभा क्षेत्रों रैगांव, जेाबट व पृथ्वीपुर के अलावा खंडवा संसदीय क्षेत्र में उपचुनाव हेा रहे है। भाजपा और कांग्रेस दोनों की ओर से जीत के दावे किए जा रहे हैं। इन चारों क्षेत्रों में 30 अक्टूबर को मतदान हुआ था। पृथ्वीपुर में 78, जोबट में 53 और रैगांव में 69 प्रतिशत वोट पड़े थे। वहीं खंडवा संसदीय क्षेत्र में लगभग 64 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले थे। पिछले आम चुनाव की तुलना में सिर्फ जोबट विधानसभा क्षेत्र ऐसा है, जहां मतदान का प्रतिशत ज्यादा रहा। –आईएएनएस एसएनपी/एसजीके




