नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के एक बयान ने कांग्रेस को बैकफुट पर लाकर खड़ा कर दिया है। दरअसल चरणजीत चन्नी ने गुरुवार को लोकसभा में कहा था कि पंजाब के एक सांसद पर केंद्र ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) लगाकर जेल में बंद कर रखा है। जिसकी वजह से वो सदन की कार्यवाही में हिस्सा नहीं ले पा रहे। उन्होंने नाम नहीं लिया लेकिन उनका इशारा खालिस्तानी अमृतपाल सिंह की तरफ था। जिसके बाद बीजेपी, कांग्रेस पर खालिस्तान को समर्थन करने का आरोप लगाने लगी।
चन्नी और रवनीत सिंह बिट्टू के बीच हुई तीखी बहस
इसको लेकर चरणजीत चन्नी और रवनीत सिंह बिट्टू के बीच तीखी बहस भी हुई। वहीं अब कांग्रेस ने चरणजीत चन्नी के बयान से पल्ला झाड़ लिया है। इस संबंध में कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर लिखा कि चन्नी के बयान से उनकी पार्टी का कोई संबंध नहीं है।
चरणजीत चन्नी पीछे हटने को नहीं हैं तैयार
हालांकि कांग्रेस के द्वारा चन्नी के बयान से पल्ला झाड़ने के बावजूद चरणजीत चन्नी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने एक समाचार पत्र से बातचीत कर फिर से सवाल उठाये हैं। जालंधर के सांसद चन्नी ने कहा कि यदि अमृतपाल सिंह खालिस्तानी है तो फिर उसका नामांकन पत्र खारिज क्यों नहीं किया गया ? उसे संसद लाकर शपथ क्यों दिलाई गई। चन्नी ने कहा कि अमृतपाल सिंह ने भी संविधान की शपथ ली है। उसे संसद की कार्यवाही में हिस्सा न लेने देना उसके संसदीय क्षेत्र के लोगों के साथ अन्याय है।
सदन में कही मेरी सभी बातें हैं सच
वहीं खुद पर खालिस्तानियों की मदद का आरोप लगने पर चन्नी ने कहा कि अमृतपाल सिंह डिब्रूगढ़ जेल में बंद है। उसके नामांकन करने और चुनाव लड़ने के लिए दरवाजे किसने खोले थे? उन्होंने कहा कि मुझपर झूठ बोलने का आरोप लगाया गया है। कहा गया है कि मेरे द्वारा किसानों पर भी एनएसए की कार्रवाई की बात झूठी है। जबकि मेरा दावा सही है। 4 किसानों के खिलाफ NSA की कार्रवाई की गई है। हालांकि बाद में इसे हटा दिया गया। ये सारी बात रिकॉर्ड में है।
रवनीत सिंह नई बहू की तरह कर रहे बर्ताव
वहीं रवनीत सिंह बिट्टू के आरोपों पर चन्नी ने कहा कि बिट्टू जी को यदि लगता है कि मेरे पास करोड़ों की दौलत है तो हम दोनों आपस में इसे बदल लेते हैं। मैं विकल्प देता हूं कि जो मेरे पास दौलत है वो आप ले लीजिये और जो आपके पास दौलत है वो हम ले लेते हैं। बिट्टू जी नई बहू की तरह बर्ताव कर रहे हैं। जो अपने ससुराल वालों को खुश करने के लिए करती है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





