नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। 50 बम वाले बयान पर बुरी तरह से घिरते नजर आ रहे हैं। पंजाब पुलिस ने बाजवा को सोमवार को पुलिस स्टेशन में पेश होने को कहा था। लेकिन, बाजवा गैर-हाजिर रहे। पंजाब पुलिस ने उन्हें सोमवार को दोपहर 12 बजे तक साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में पेश होने के लिए कहा गया था। लेकिन वे थाने में पेश नही हुए। इस पर उनके वकील के ओर से कहा गया कि वह फिलहाल थाने आने की कंडीशन में नहीं है। उन्होंने थोड़ा समय मांगा है।
बयान के बाद दर्ज हुआ मामला
वकील ने कहा कि प्रताप सिंह बाजवा मंगलवार दोपहर 2 बजे तक पुलिस स्टेशन में पेश होंगे। हाल ही में प्रताप सिंह बाजवा ने मीडिया में एक बयान देकर बवाल मचा दिया था। उन्होने कहा था कि 50 बम पंजाब पहुंच चुके हैं और इनमें से 18 फट चुके हैं। उनके इस बयान के बाद सियासत में खलबली मच गई। पंजाब सरकार ने उनके इस बयान पर तुरंत कार्रवाई करते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने उन्हें पेशी नोटिस जारी कर पुलिस स्टेशन में पेश होने को कहा था। लेकिन वह सोमवार को पेश नही हुए।
बाजवा के वकील ने मांगा समय
उनके इस बयान के बाद उनके खिलाफ देश में संप्रभुता और एकता को खतरे व भ्रमक जानकारी शेयर करने के सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पूछताछ के लिए पुलिस ने बाजवा को पेशी नोटिस भेजकर उन्हें पेश होने को कहा। लेकिन प्रताप सिंह बाजवा सोमवार को पुलिस के सामने पेश नहीं हुए। उनके वकील प्रदीप विर्क ने कहा, “मैंने कुछ समय की मांग की है। प्रताप सिंह बाजवा को कल रात समन भेजा गया था। और वह यहां उपस्थित होने की स्थिति में नहीं थे। उन्होंने कल दोपहर 2 बजे तक का समय मांगा है। वह कल यहां उपस्थित होंगे।”
ये है पूरा मामला?
कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने एक मीडिया प्रतिष्ठान को दिए एक इंटरव्यू में दावा किया था कि, उन्हें जानकारी मिली है कि “50 बम पंजाब पहुंचे हैं। इनमें से 18 फट चुके हैं और 32 अभी फटने बाकी हैं।” उनके इस बयान के बाद राज्य की सियासत में भूचाल आ गया। उनके इस बयान के बाद राज्य के सीएम भगवंत मान ने इसे गंभीरता से लेते हुए बाजवा से इस बयान का सोर्स बताने को कहा। इस मामले में पुलिस ने बाजवा से पूछताछ की। और रविवार को उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।




