नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन की संभावनाओं को देखने के लिए एक कमेटी बनाई है, जिसको मिनी कमेटी का नाम दिया गया है। इस कमेटी को हरियाणा में कांग्रेस और आप के गठबंधन से संबंधित सभी पहलुओं को देखना होगा और इसपर अपनी रिपोर्ट पार्टी आलाकमान को सौंपनी होगी। इस कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर ही कांग्रेस यह तय कर पाएगी की हरियाणा विधानसभा चुनाव में गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी को कितनी सीटें दी जा सकती है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आम आदमी पार्टी हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए कांग्रेस से 10 सीटों की मांग कर रही है। लेकिन कांग्रेस 7 सीटें देने को तैयार है।
कमेटी के तीनो सदस्य सीट शेयरिंग को लेकर आम आदमी पार्टी से बात करेंगे
बता दें कि AAP के साथ गठबंधन की संभावनाओं को देखने के लिए कांग्रेस ने जो कमेटी बनाई है, उसमे कांग्रेस के हरियाणा प्रभारी दीपक बाबरिया, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दीपेंद्र हुड्डा और अजय माकन के नाम शामिल हैं। इस कमेटी के तीनो सदस्य सीट शेयरिंग को लेकर आम आदमी पार्टी से बात करेंगे। वहीं ये कमेटी कांग्रेस की उन सभी 12 सीटों पर भी ध्यान रखेगी, जहां कांग्रेस में इन सीटों के उम्मीदवार के नामों को लेकर उठापटक हो रही है।
AAP की तरफ से फाइनल निर्णय अरविंद केजरीवाल ही लेंगे
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आम आदमी पार्टी की हरियाणा में कांग्रेस के साथ गठबंधन की संभावनाओं को लेकर 3 से 4 राउंड की बातचीत हो चुकी है। जानकारी के अनुसार कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चढ्ढा से 3 सितंबर 2024 को हरियाणा में गठबंधन की संभावनाओं को लेकर बैठके हुई हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार केसी वेणुगोपाल की 4 सितंबर 2024 को भी आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चढ्ढा के साथ बैठक हो सकती है। AAP की तरफ से फाइनल निर्णय अरविंद केजरीवाल ही लेंगे।





