नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। हरियाणा की राजनीति में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की एंट्री हो गई है। दरअसल हरियाणा कांग्रेस में मोस्ट वांटेड गोल्डी बराड़ का करीबी गोकुल सेतिया ने कांग्रेस ज्वाइन कर ली है। कांग्रेस ज्वाइन करते ही गोकुल सेतिया की गोल्डी बराड़ के साथ की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी है। वायरल फोटो में ड्रग तस्करी में अमेरिका की जेल में बंद सन्नी मुल्तानी भी गोकुल के साथ दिखाई दे रहा है।
सिद्धू मुसेवाला की हत्या में वांछित है गोल्डी बराड़
बता दें कि, लोकप्रिय पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मुसेवाला की हत्या में गोल्डी बराड़ वांछित है। बताया जाता है कि वो इस समय कनाडा में रहता है और वहीं से लॉरेंस विश्नोई गैंग का कमान संभालता है। वहीं गोकुल सेतिया की कांग्रेस में एंट्री पर सिद्धू मुसेवाला के फैंस काफी आक्रोशित नजर आ रहे हैं।
बंबीहा गैंग ने दे रखी है धमकी
प्राप्त जानकारी के मुताबिक सिद्धू मुसेवाला की हत्या कराने में शामिल वो सभी लोग जो लॉरेंस विश्नोई गैंग के साथ हैं वो बंबीहा गैंग के निशाने पर हैं। बंबीहा गैंग ने गोल्डी बराड़ को जान से मारने की धमकी दे रखी है। वहीं गोकुल सेतिया को भी बंबीहा गैंग ने धमकी दी थी। इसके पीछे की वजह उनके लॉरेंस बिश्नोई गैंग से नजदीकियां हैं। बंबीहा गैंग से धमकी मिलने के बाद कांग्रेस ज्वाइन करने वाले गोकुल सेतिया को सुरक्षा दी गई थी। उधर, सोमवार को फेमस पंजाबी रैपर और सिंगर एपी ढिल्लों के कनाडा स्थित उनके आवास पर गोलीबारी की गई थी। इस हमले की जिम्मेदारी भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों ने लिया है।
सेतिया की कांग्रेस में एंट्री पर खड़े हो रहे सवाल
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से रिश्ता रखने वाले गोकुल सेतिया को कांग्रेस में शामिल कराने पर लोग पार्टी पर सवाल खड़े कर रहे हैं। वहीं सिद्धू मुसेवाला के फैंस में भी कांग्रेस के खिलाफ जमकर आक्रोश देखने को मिल रहा है। गोकुल सेतिया की कांग्रेस में एंट्री पर मुसेवाला के फैंस सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। सिद्धू के फैंस का कहना है कि मूसेवाला की हत्या करने वालों से संबंध रखने वाले व्यक्ति को कांग्रेस में जगह देना सही नहीं है।





