नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । उत्तर भारत में सर्दी ने एक बार फिर तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। हाल ही में हुई बारिश और बर्फबारी के बाद अब ठंडी और शुष्क हवाओं ने मैदानी इलाकों में तापमान को तेजी से गिराना शुरू कर दिया है। पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही बर्फीली हवाओं का असर दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार तक साफ महसूस किया जा रहा है। आने वाले 72 घंटे मौसम के लिहाज से खासे मुश्किल माने जा रहे हैं। दिन के समय धूप कुछ राहत दे सकती है, लेकिन सुबह और रात में ठंड का असर कहीं ज्यादा तेज रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार घना कोहरा, तेज हवाएं और गिरता तापमान मिलकर जनजीवन को प्रभावित कर सकते हैं। इसी कारण कई राज्यों के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी की गई है। वहीं, पिछले पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होने से भले ही वर्षा और हिमपात में कमी आई हो, लेकिन अब उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही 15 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं सर्दी को और धारदार बना रही हैं। IMD का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में कई शहरों में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। इसके साथ ही पहाड़ी इलाकों में एक नए पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से ठंड और कोहरे की स्थिति और गंभीर होने की संभावना है।
शिमला में जोरदार बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में मंगलवार को हुई जोरदार बर्फबारी के बाद पूरा शहर सफेद चादर में ढक गया है। जाखू मंदिर और आसपास के इलाकों से सामने आई तस्वीरों में शिमला बेहद खूबसूरत नजर आ रहा है। तापमान में भारी गिरावट के बावजूद बर्फ से सजा यह नज़ारा सैलानियों को खूब लुभा रहा है।
उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के साथ चकराता, पुरोला, केदारनाथ, बद्रीनाथ, मुनस्यारी और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मध्यम हिमपात की संभावना जताई गई है। लोगों को गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
जम्मू-कश्मीर में बारिश का कहर
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में लगातार बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जम्मू–श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर बने नए संगूर चौक अंडरपास में भारी जलभराव हो गया है। 23 जनवरी को हुई तेज बारिश के बाद अंडरपास पूरी तरह पानी में डूब गया, जिससे यातायात बाधित हुआ और वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
ठंड अचानक क्यों तेज हुई?
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में बढ़ती ठंड की मुख्य वजह उत्तर-पश्चिम से आ रही बेहद ठंडी और शुष्क हवाएं हैं। इसके साथ ही सब-ट्रॉपिकल वेस्टरली जेट स्ट्रीम की सक्रियता और उत्तर पाकिस्तान के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र मौसम को और प्रभावित कर रहा है। यही कारण है कि तापमान तेजी से गिर रहा है और सर्द हवाएं चल रही हैं।
अगले 72 घंटे अहम
IMD का कहना है कि 24 से 26 जनवरी के बीच उत्तर भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक नीचे जा सकता है। दिन में धूप के बावजूद अधिकतम तापमान 13 से 17 डिग्री के बीच सीमित रहेगा। सुबह और रात में ठंड का असर सबसे ज्यादा महसूस होगा।
दिल्ली-NCR में ठंड और कोहरे की दोहरी मार
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में आने वाले तीन दिन चुनौतीपूर्ण रहेंगे। न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री तक लुढ़क सकता है। 24 से 26 जनवरी के बीच हल्के से घने कोहरे की चेतावनी दी गई है, जिससे सड़क और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। 26 से 28 जनवरी के बीच हल्की बारिश की संभावना भी बनी हुई है।
यूपी-बिहार में कोहरा बनेगा परेशानी
उत्तर प्रदेश और बिहार में भले ही ठंड कुछ कमजोर हुई हो, लेकिन अब कोहरा बड़ी परेशानी बन सकता है। पूर्वी यूपी और बिहार के कई इलाकों में सुबह घना कोहरा छाने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 11 से 15 डिग्री और अधिकतम 23 से 26 डिग्री के बीच रह सकता है। 26 से 28 जनवरी के बीच हल्की बारिश के आसार हैं।
पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में विजिबिलिटी पर खतरा
पंजाब, हरियाणा और उत्तर राजस्थान में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। अमृतसर, चंडीगढ़, हिसार और श्रीगंगानगर जैसे शहरों में दृश्यता बेहद कम रह सकती है। न्यूनतम तापमान 9 से 13 डिग्री तक गिरने और ठंडी हवाओं से ठिठुरन बढ़ने की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में फिर सक्रिय होगा मौसम सिस्टम
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 24 और 25 जनवरी को मौसम कुछ हद तक शांत रह सकता है, लेकिन 26 जनवरी से एक नया और ज्यादा ताकतवर पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा। इसके चलते 26 से 28 जनवरी के बीच कई इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में अलग-अलग जगहों पर भारी हिमपात का अलर्ट है।
दक्षिण भारत में मौसम पूरी तरह स्थिर
उत्तर भारत जहां ठंड, कोहरा और बारिश से जूझ रहा है, वहीं दक्षिण भारत में मौसम पूरी तरह सामान्य बना हुआ है। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।




