नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । देश भर में 7 जून को बकरीद-इद मनाई जाएगी। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार शाम गोरखनाथ मंदिर में अधिकारियों के साथ एक बड़ी बैठक की। जिसमें विकास कार्यों, कानून व्यवस्था, आगामी पर्व-त्योहार और प्रस्तावित आयोजनों की समीक्षा की और अफसरों को जरूरी निर्देश दिए।
इस दौरान सीएम योगी ने 7 जून को मनाई जानी वाली बकरीद पर्व को लेकर प्रशासन और पुलिस की तैयारियों की जानकारी ली। सीएम योगी ने कहा कि 7 जून को बकरीद का त्योहार शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जाना चाहिए। इसमें कोई किसी भी तरह की ढिलाई बर्दास्त नहीं की जाएगी। बकरीद पर कुर्बानी निर्धारित स्थलों पर की जानी चाहिए। और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर लगी रोक को सख्ती से लागू किया जाए।
नमाज परंपरागत स्थलों पर ही हो
सीएम योगी ने कहा कि त्योहार पर साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें। पशुओं की कुर्बानी के बाद अपशिष्ट निस्तारण एक व्यवस्था जगहों पर करें। सीएम ने निर्देश दिए कि नमाज परंपरागत स्थलों पर पड़ी जानी है। सड़क मार्ग पर नमाज पढ़ने की परमिशन नही है। उन्होंने कहा कि हर पर्व-त्योहार पर आस्था का सम्मान हो लेकिन नई परंपरा की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए।
मॉनसून से पहले काम पूरा हो
सीएम योगी ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी परियोजनाएं तय समय में गुणवत्ता के साथ पूरी हो। बारिश शुरु होने से कुछ निर्माण प्रभावित होने लगते हैं इसलिए यहां मानसून की दस्तक से पहले काम में और तेजी लाने की जरूरत है। जलभराव की समस्या न हो। अब तक किए गए कार्यों की जानकारी लेने के बाद सीएम ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि बरसात होने पर कहीं भी जलभराव न होने पाए।
बरसात से पहले नालों की सफाई का काम पूरा करें
सीएम योगी ने कहा कि बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए जरुरी निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि समय रहते सभी नालों की सफाई का काम पूरा कर लें। सीएम योगी ने कहा कि जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए गोड़धोइया नाला परियोजना पर विशेष ध्यान देकर इसे जल्द पूर्ण कराने का प्रयास करें
अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति
कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सीएम योगी ने कहा कि, हमारी अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति बरकरार है। माफिया और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। ओर यह एक्शन थमने वाला नहीं है। हर छोटी घटना को भी गंभीरता से लेकर उस पर कार्रवाई करने की जरुरत है।




