नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बिहार के दरभंगा में राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित टिप्पणी किए जाने का मामला अब उत्तर प्रदेश की राजनीति तक पहुँच गया है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य व बृजेश पाठक ने कांग्रेस और राजद पर जमकर निशाना साधा।
क्या है मामला?
दरभंगा जिले के जाले विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की मौजूदगी में वोट अधिकार यात्रा निकाली गई थी। इस दौरान मंच से पीएम मोदी और उनकी माता के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, बताया जा रहा है कि मंच कांग्रेस टिकट दावेदार मोहम्मद नौशाद के समर्थक मोहम्मद फैयाज ने तैयार कराया था।
CM योगी आदित्यनाथ का बयान
सीएम योगी ने एक्स पर लिखा, कांग्रेस और राजद के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए प्रयुक्त अभद्र भाषा राजनीतिक मर्यादा का पतन है। यह केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों की भावनाओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि एक साधारण मां ने संघर्ष कर ऐसा पुत्र गढ़ा, जिसने खुद को राष्ट्र सेवा में समर्पित कर दिया और आज वह विश्व का सबसे लोकप्रिय नेता है। योगी ने दावा किया कि बिहार की जनता इस घृणित राजनीति का लोकतांत्रिक जवाब देगी।
केशव प्रसाद मौर्य का हमला
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा,”स्तरहीनता ही कांग्रेस और राजद की पहचान है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने बिहार की धरती पर राजनीति को सबसे नीचे पहुंचा दिया है। पीएम मोदी की स्वर्गीय माताजी का अपमान उनकी विकृत मानसिकता और हताशा का परिचायक है। जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
बृजेश पाठक का कड़ा विरोध
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि राजनीति में इतनी नीचता पहले कभी नहीं देखी गई। प्रधानमंत्री मोदी की स्वर्गीय माता के लिए अभद्र टिप्पणी करना बेहद शर्मनाक है। यह यात्रा अब अपमान और घृणा की सारी हदें पार कर चुकी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पहले भी महापुरुषों का अपमान करते रहे हैं और अब पीएम की दिवंगत माता को निशाना बनाकर उन्होंने नई शर्मनाक मिसाल पेश की है। बिहार चुनाव से पहले उठा यह विवाद यूपी की सियासत को भी गरमा गया है। अब देखना होगा कि यह मामला आने वाले दिनों में और कितना तूल पकड़ता है।




