नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर हिंसा को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। दंगाइयों से नुकसान की भरपाई करवाई जाएगी और जरूरत पड़ने पर उनकी संपत्ति जब्त की जाएगी। उन्होंने साफ कर दिया कि पुलिस पर हमला करने वालों को बिल्कुल नहीं बख्शा जाएगा।
जरूरत पड़ी तो होगा बुलडोजर एक्शन
सीएम फडणवीस ने कहा कि जरूरत पड़ने पर उत्तर प्रदेश की तर्ज पर बुलडोजर कार्रवाई होगी। जहां आवश्यक होगा, वहां बुलडोजर चलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार किसी भी हिंसक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगी और दोषियों को सबक सिखाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
104 लोग गिरफ्तार, दंगाइयों की पहचान जारी
नागपुर हिंसा के दौरान पुलिस ने 104 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। सीएम ने बताया कि पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज की मदद से दंगाइयों की पहचान कर रही है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर, 68 भड़काऊ पोस्ट हटाए गए
मुख्यमंत्री ने बताया कि हिंसा भड़काने वाली अफवाहों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। अब तक सोशल मीडिया पर 68 भड़काऊ पोस्ट हटाए जा चुके हैं। साथ ही उन लोगों को भी सह-आरोपी बनाया जाएगा, जिन्होंने हिंसा फैलाने के उद्देश्य से गलत जानकारी फैलाई। सीएम फडणवीस ने कहा कि हिंसा में हुए नुकसान की भरपाई दंगाइयों से ही करवाई जाएगी। इसके अलावा जिन लोगों को नुकसान हुआ है और जिनकी गाड़ियां जला दी गई हैं, उन्हें अगले तीन-चार दिनों में मुआवजा दिया जाएगा।
स्थिति पर काबू, पुलिस अलर्ट पर
नागपुर में हिंसा के बाद लगाए गए कर्फ्यू और अन्य प्रतिबंधों को धीरे-धीरे हटाया जा रहा है। स्थिति सामान्य होने लगी है, लेकिन पुलिस अलर्ट पर बनी हुई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। सीएम फडणवीस ने साफ कहा कि सरकार नागपुर में शांति बहाल करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और दंगाइयों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।





